(01/12/2016) 
कई विषयों पर दिल्ली संत महामण्डल (दिल्ली-एनसीआर) की एक दिवसीय बैठक सम्पन।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पंचकुईंया रोड स्थित प्राचीन संन्यास आश्रम, श्री हनुमान शिव-भैरव मंदिर में दिल्ली संत महामण्डल (दिल्ली-एनसीआर) की एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया।

 श्री सिद्ध शक्तिपीठ शनिधाम पीठाधीश्वर सद्गुरु शनिचरणानुरागी श्री श्री 1008 महामण्डलेश्वर परमहंस दाती महाराज (स्वामी निजस्वरूपानंदपुरीजी) महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित बैठक के दौरान संतों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की, जिनमें मुख्य रूप से धर्म, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान, ज्ञान, विज्ञान, कन्या भ्रूण संरक्षण,महिला सशक्तिकरण, जन कल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषय प्रमुखता से शामिल रहे। 

दिल्ली संत महामण्डल के अध्यक्ष परमहंस दाती महाराज, उपाध्यक्ष स्वामी श्री अगस्त गिरिजी महाराज, महामंत्री महामण्डलेश्वर स्वामी नवल किशोर दास जी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत भोला गिरिजी महाराज, संगठन मंत्री श्रीमहंत सतीश दासजी महाराज, संगठन मंत्री महामण्डलेश्वर कंचन गिरिजी महाराज, काषाध्यक्ष श्रीमहंत धीरेंद्र पुरी जी महाराज समेत दिल्ली संत महामण्डल के सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार प्रकट किए। 

दिल्ली संत महामण्डल के पदाधिकारियों ने एक स्वर में एक नीजि टीवी चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम बिग बॉस के प्रतिभागी साईं ओमनाथ की कड़े शब्दों में निंदा की। दिल्ली संत महामण्डल ने कहा कि साईं ओम नाथ नाम का यह व्यक्ति अपने आप को स्वामी और साधु के नाम से प्रचारित कर रहा है, जबकि उसका संत परंपरा से कोई सरोकार नहीं है, वह एक सामान्य व्यक्ति है और उसके इस कुकृत्य से साधु एवं संत समाज की छवि पर विपरित असर पड़ रहा है, साथ ही धार्मिक आस्था को छति हो रही है। इसीलिए दिल्ली संत महामण्डल बिग बॉस और भारत सरकार से निवेदन करता है कि इस व्यक्ति के नाम से स्वामी और साधु शब्द का मुखौटा हटाकर इसे बेनकाब किया जाए। दिल्ली संत महामंडल की बैठक के दौरान संतों ने बिग बॉस के संचालक से इस मुद्दे पर बात करने और कोर्ट से कानूनी नोटिस भेजने का निर्णय भी लिया। इससे पूर्व दिल्ली संत महामण्डल के तमाम पदाधिकारियों ने राष्ट्र सेवा, समाज सेवा एवं गौ सेवा पर बल दिया। 

परमहंस दाती महाराज ने अपने उद्बोधन में कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं का शोषण, अन्न एवं जल की बर्बादी जैसी सामाजिक बुराइयों को जड़ से मिटाने तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नागरिक सुरक्षा एवं राष्ट्र निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। दातीश्री ने कहा कि एक संत होने के नाते हमारा कर्तव्य बनता है कि हम निःस्वार्थ भाव से देश और समाज की सेवा करें। उन्होंने कहा कि संतों के स्वभाव में ही सेवा की भावना होती है। उन्होंने कहा कि सेवा, सत्संग और सुमिरण से ही मानव जाति का उद्धार संभव है। महाराजश्री ने कहा कि संत दूसरों के लिए बहुत कुछ करते हैं। जन-कल्याण के कार्यों में दिन-रात जुटे रहते हैं। लेकिन उसी व्यस्त जीवन से थोड़ा समय निकालकर उन्हें अपने लिए भी तप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संतों एक साथ बैठकर देश और समाज के विकास के लिए चिंतन करना चाहिए। समाज और राष्ट्र को जोड़ना ही संतों का परम कर्तव्य है। संत और समाज की जो दूरियां हैं, उसे हर हाल में मिटाना है। उन्होंने कहा कि जब संत समाज का हिस्सा बनता है तो समाज में जो विकार होते हैं, वे स्वतः ही दूर हो जाते हैं। दातीश्री ने कहा कि मानव सेवा करना ही हम सभी संतों का परम कर्तव्य है। हमारे थोड़े से प्रयास से अगर देशवासियों की मुस्कुराहट बनी रही तो यह हमारा सम्मान है। इस मौके उन्होंने संत समाज से कन्या भ्रूण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ-देश बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया। 

इस पावन अवसर पर संतों ने कहा कि परमात्मा ने हमें स्वच्छ तथा सुंदर तन एवं मन देकर भेजा है,जिसका एक दिन मोक्ष हो जाना है। अर्थात सभी मोह का क्षय हो जाना है, इसलिए समाज का विकाश और सबका हित करते हुए अपने आपको प्रभु में समर्पित कर देना चाहिए। हमें साईं ओमनाथ की भांति अपना जीवन व्यर्थ की बातों में बर्बाद नहीं करना चाहिए। हमें परमात्मा का ध्यान, चिंतन और पूजन करना है, क्योंकि परमात्मा ने हमें मनुष्य का जीवन दिया है। हमें मोक्ष प्राप्त करना है। परमात्मा की हम सभी पर असीम कृपा है जो हम संत बने। संत का तात्पर्य सभी का सत्कार करना है। महामण्डलेश्वर स्वामी श्री नवल किशोर दास जी ने उपस्थित सभी संतों का आभार जताया और कहा कि यह संत महामण्डल के लिए गौरव की बात है कि इसमें समस्त खडदर्शन संत समाज और सभी अखाडों के संत शामिल हैं।

बैठक में दिल्ली संत महामण्डल के उपाध्यक्ष स्वामी श्री अगस्त गिरिजी महाराज, महामंत्री महामण्डलेश्वर स्वामी नवल किशोर दासजी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत भोला गिरिजी महाराज, संगठन मंत्री श्री सतीश दासजी महाराज, संगठन मंत्री महामण्डलेश्वर कंचन गिरिजी महाराज समेत दिल्ली संत महामण्डल से सभी सदस्य, बड़ी संख्या में श्रद्धालु और श्री शनिधाम के पदाधिकारी एवं सेवादार उपस्थित थे। 

Copyright @ 2019.