(07/01/2017) 
सात माह में 28 करोड़ के सात पुलों का निर्माण पूर्ण : श्री मूणत
राज्य के चार विभिन्न जिलों में लोक निर्माण विभाग द्वारा विगत मई से नवम्बर तक सात माह के दौरान लगभग 28 करोड़ रूपए के सात महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है।

 लोक निर्माण मंत्री  राजेश मूणत ने आज यहां बताया कि इनके निर्माण से नदियों के सघन मार्ग वाले स्थानों में लोगों को अब आने-जाने के लिए काफी सुविधा हो गयी है। उन्होंने बताया कि इनमें माह मई में धमतरी जिले के कुर्रीडीह-पीपरछेड़ी मार्ग पर घोरड़गी नाला पर पुल का निर्माण पूर्ण हो गया है। इसके निर्माण में दो करोड़ 27 लाख 94 हजार रूपए की लागत आयी है। इसी तरह माह जून में लगभग 13 करोड़ रूपए के चार पुलों का निर्माण पूर्ण किया गया है। इनमें गरियाबंद जिले के अन्तर्गत तुवासमाल-गोहराबदर मार्ग पर तुवास नदी में एक करोड़ 92 लाख रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। बलौदाबजार-भाटापारा जिले के अन्तर्गत ग्राम लुटुडीह से परसवानी के बीच खोरसी नाला पर एक करोड़ 96 लाख रूपए और बिटुकुली-जांगड़ा मार्ग पर जमुनईयां नाला में पांच करोड़ 55 लाख की राशि से पुल का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा धमतरी जिले के अन्तर्गत ग्राम पंचायत खपरी (जरवायडीह) से भैसबोड़ पहंुचमार्ग  तथा नाला पर पुल का निर्माण किया गया है। इसके निर्माण में चार करोड़ 42 लाख 57 हजार रूपए की लागत आयी है।
इसी तरह धमतरी जिले के अन्तर्गत सरईभदर-जड़जड़ा मार्ग पर सोंढूर नदी में पुल बनाए गए हैं। इसका निर्माण दस करोड़ 57 लाख रूपए की राशि से किया गया है, जिसे माह अक्टूबर में पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के अन्तर्गत सिरपुर-बलदाकछार-कसडोल मार्ग में कोसमसरा नाला का एक करोड़ 34 लाख 41 हजार रूपए की राशि से पुल का निर्माण माह नवम्बर में पूर्ण कर लिया गया है।
Copyright @ 2019.