(26/01/2017) 
गणतंत्र दिवस पर सशस्त्र सीमा बल के जवान सम्मानित।
नई दिल्ली, 25 जनवरी, 2017। 68वें गणतंत्र दिवस-2017 के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति महोदय ने सशस्त्र सीमा बल के एक कर्मी को वीरता के लिए मरणोपरान्त पुलिस पदक तथा दो बलकर्मियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं 11 बलकर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित करने की स्वीकृति दी है।

सशस्त्र सीमा बल के शहीद सिपाही संजीत कुमार को मरणोपरांत वीरता के लिए पुलिस पदक प्रदान किया गया है। शहीद संजीत कुमार 10 अगस्त, 2015 के दिन झारखण्ड के गोड्डा जिले के कठलड़ी गाँव में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे।  
एस.एस.बी. के महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार नेगी एवं उपमहानिरीक्षक श्री लीला कान्त गुहाईं को इस वर्ष विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया हैै। इन दोनों अधिकारियों ने असम के उग्रवाद प्रभावित इलाकों में संचालित उग्रवादियों की विध्वंसक गतिविधियों पर नकेल कसने के साथ ही राष्ट्र सुरक्षा के महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। श्री नेगी ने असम के कोकराझार में एन. डी. एफ. बी. उग्रवादियों के ठिकानों पर हमला कर कई उग्रवादियों को पकड़वाने में भी सराहनीय भूमिका निभाई है। 
इसके साथ ही सराहनीय सेवाओं के लिए सशस्त्र सीमा बल के पटना के उप महानिरीक्षक श्री सुधीर वर्मा, आर.टी.सी.  एस. एस. बी. अलवर के कमान्डेंट श्री अमित शर्मा, बारामुला, जम्मू व कश्मीर के द्वितीय कमान अधिकारी श्री संजय बहादुर चंद, एस.एस.बी. के प्रशिक्षण केन्द्र कुसुमपति, शिमला के डिप्टी कमान्डेंट श्री प्रकाश चन्द्र रतूड़ी, बल मुख्यालय, नई दिल्ली के सहायक सेनानायक श्री प्रेम कुमार पी. एन., एस. एस. बी. के सेक्टर हेडक्र्वाटर, श्रीनगर(जम्मू व कश्मीर) के सहायक सेनानायक श्री मदन लाल, कोकराझार, असम के सयंुक्त क्षेत्र संगठक श्री भीम सिंह थारकोटी, सेक्टर हेडक्र्वाटर गांतोक(सिक्किम) के निरीक्षक श्री मंगत राम,  प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल(मध्य प्रदेश) के निरीक्षक श्री विनोदन के. एन., 55वीं वाहिनी पिथौरागढ़(उत्तराखण्ड) के सहायक उप निरीक्षक श्री महिपाल सिंह और बल मुख्यालय, नई दिल्ली के वरिष्ठ क्षेत्र सहायक श्री बलबीर सिंह नेगी को भारतीय पुलिस पदक देने की स्वीकृति राष्ट्रपति महोदय ने प्रदान की है। 
सशस्त्र सीमा बल की महानिदेशक श्रीमती अर्चना रामासुंदरम ने बल के सभी पदक विजेताओं को उनकी सेवाओं के लिए बधाई दी है। श्रीमती रामासुंदरम ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर बल के सभी उप कमान्डेंट एवं उससे उपर के अधिकारियों को भारत-नेपाल व भारत-भूटान सीमा पर दूरदराज की सीमा चैकियों एवं जम्मू व कश्मीर एवं नक्सल प्रभावित इलाकों में बल के तैनाती स्थानों पर जाकर जवानों के साथ गणतंत्र दिवस के महापर्व को मनाने का निर्देश दिया है। सशस्त्र सीमा बल के इस अनोखे प्रयास से बल के उच्चाधिकारी न सिर्फ जवानों के साथ रहकर उनकी समस्याओं से अवगत होंगें अपितु बलकर्मियों में एक विश्वास की भावना जागृत होगी कि उनका मुख्यालय उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा उन्हें बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इस मौके पर सभी सीमान्त मुख्यालयों, क्षेत्रक मुख्यालयों तथा वाहिनियों के प्रमुखों द्वारा बलकर्मियों के लिए महानिदेशक महोदया का गणतंत्र संदेश भी पढ़कर सुनाया जाएगा। 

Copyright @ 2019.