(31/03/2017) 
कल से प्रारम्भ होगा भाजपा का घर घर दस्तक अभियान
23 अप्रैल को दिल्ली की जनता जो मत देगी वो न सिर्फ भाजपा को एक सुदृढ़ नगर निगम चलाने का वोट होगा बल्कि केजरीवाल सरकार के विरूद्ध जनादेश होगा-विनय सहस्त्रबुद्धे बूथ स्तर पर वोटरों से सीधे सम्पर्क के साथ ही पंच परमेश्वर आर.डब्ल्यू.ए., व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों से भी समन्वय करेंगे-मनोज तिवारी

नई दिल्ली, 30 मार्च।  दिल्ली भाजपा के महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा है कि बूथ स्तर पर भाजपा का घर घर दस्तक अभियान कल 31 मार्च प्रातः 10 से प्रारम्भ होगा।  
इस घर घर दस्तक अभियान को प्रारम्भ करने के लिए आज सभी संसदीय क्षेत्रों की योजना बैठकें हुईं जिसके अंतर्गत उत्तर पूर्वी दिल्ली की बैठक भजनपुरा में हुई जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद मनोज तिवारी, राष्ट्रीय मंत्री सरदार आर पी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह बाठ एवं जिला अध्यक्ष श्री अजय महावर एवं  प्रवेश शर्मा सम्मिलित हुये। विनय सहस्त्रबुद्ध ने कहा कि इस नगर निगम चुनाव में आप पंच परमेश्वर केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए कार्य नहीं करेंगे बल्कि 2015 में भ्रमित हुई दिल्ली की जनता को अपनी भूल सुधार में भी सहयोग देंगे।  उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार के नकारेपन से त्रस्त है और 2015 में उन्हें चुनने की अपनी भूल को सुधारना चाहती है, 23 अप्रैल को  दिल्ली की जनता जो मत देगी वो न सिर्फ भाजपा को एक सुदृढ़ नगर निगम चलाने का वोट होगा बल्कि केजरीवाल सरकार के विरूद्ध जनादेश होगा। इस अवसर पर बोलते हुये श्री मनोज तिवारी ने कहा कि इस अभियान में भाजपा द्वारा हाल ही में नियुक्त बूथ पंच परमेश्वर अपने कार्य क्षेत्र के प्रत्येक घर में सम्पर्क करेंगे।  अनधिकृत कालोनियों एवं जे जे कलस्टर पर विशेष ध्यान दिया जायेगा और साथ ही आर.डब्ल्यू.ए. एवं व्यापारिक, सामाजिक संगठनों से समन्वय भी बूथ स्तर पर स्थापित किया जायेगा। पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की बैठक शकरपुर में आयोजित हुई और इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री श्याम जाजू, राष्ट्रीय मंत्री श्री महेश गिरी और प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।  श्री श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली की जनता आज पूरी तरह त्रस्त है, एक ऐसी सरकार चल रही है जिसमें मंत्री महिला भक्षक हैं, फर्जीवाड़े करते हैं, हवाला कारोबार करते हैं। जनता 2015 की भूल का पश्चाताप निगम चुनाव में करेगी और आम आदमी पार्टी को करारी हार देगी। पश्चिमी दिल्ली की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री तरूण चुघ, सांसद प्रवेश वर्मा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर भी सम्मिलित हुये।  राष्ट्रीय मंत्री श्री तरूण चुघ ने कहा कि यह पंच परमेश्वर कार्यकर्ता जहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे वहीं नगर निगमों के रिपोर्ट कार्ड को भी दूसरे चरण में जनता तक पहुंचायेंगे। चांदनी चैक संसदीय क्षेत्र की बैठक में केन्द्रीय मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन एवं डाॅ. जितेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जय प्रकाश एवं जिला अध्यक्ष सम्मिलित हुये।  डाॅ. हर्ष वर्धन ने कहा कि पंच परमेश्वरों का काम बेहद महत्वपूर्ण है और मैं स्वयं भी इसमें सहयोग करूंगा। नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, क्षेत्रीय सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती शिखा राय सम्मिलित हुये।  श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों एवं व्यापारियों वाले नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में आज दिल्ली सरकार के प्रति जनता में भारी रोष हैं और हमें इस वार्तावरण में सक्रियता से काम करना है। दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की बैठक छतरपुर में हुई जिसमें केन्द्रीय मंत्री श्री संजीव बाल्यान, क्षेत्रीय सांसद श्री रमेश बिधूड़ी एवं श्री प्रदेश मंत्री  गजेन्द्र यादव सम्मिलित हुये। रमेश बिधूड़ी ने कहा कि जिस तरह पंच परमेश्वर सम्मेलन में सबसे अधिक उपस्थिति हमारे संसदीय क्षेत्र की थी उसी तरह यह घर घर दस्तक अभियान भी सबसे सक्रियता हमारे क्षेत्र में ही होगा। सांसद डाॅ. उदित राज की अध्यक्षता में उत्तर पश्चिम संसदीय क्षेत्र की बैठ पीरागढ़ी में हुई जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, प्रदेश मंत्री श्रीमती प्रीति अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष सम्मिलित हुये।  डाॅ. उदित राज ने कहा कि हमारे क्षेत्र में अनेक जे जे कलस्टर और अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी है जिनमें भाजपा के प्रति उत्साह स्पष्ट नजर आ रहा है और हमारे पंच परमेश्वर वोट के दिन तक इस उत्साह को बना कर रखने का कार्य करेंगे। 
Copyright @ 2019.