(03/04/2017) 
कांग्रेस के पूर्व विधायक अमरीश सिंह गौतम भाजपा में हुये शामिल
भाजपा एक लोकतांत्रिक पद्वति से चलने वाली पार्टी है जहां हर सदस्य को अपने विचार रखने एवं आगे बढ़ने का मौका दिया जाता है जो गौतम को भी मिलेगा - विनय सहस्रबुद्धे

नई दिल्ली, 3 अप्रैल। दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता की उपस्थिति में कांग्रेस के पूर्व विधायक अमरीश सिंह गौतम ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता सुश्री नुपुर शर्मा एवं मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, प्रवक्ता  हरीश खुराना, नवीन कुमार उपस्थित थे। गौतम के पुत्र अविनाश गौतम ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विनय सहस्रबुद्धे ने श्री अमरीश गौतम एवं उनके पुत्र को भाजपा का पटका पहना उनका भाजपा परिवार में स्वागत किया और कहा भाजपा एक लोकतांत्रिक पद्वति से चलने वाली पार्टी है जहां हर सदस्य को अपने विचार रखने एवं आगे बढ़ने का मौका दिया जाता है। उन्होंने गौतम को विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी परिवार में उन्हें पूर्ण सम्मान एवं मौका मिलेगा।
विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि श्री अमरीश गौतम अनुसूचित जाति समाज के एक स्थापित नेता हैं जिन्होंने अपने कार्यकाल में जनसेवा के आदर्श उदाहरण स्थापित किये और हम आशा करते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के विस्तार में हमें उनका बहुमूल्य सहयोग रहेगा। सुश्री नुपुर शर्मा ने कहा कि अमरीश गौतम गत काफी समय से कांग्रेस में स्वयं को कुंठित महसूस कर रहे थे एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित थे और आज हम उनका भाजपा में स्वागत करते हैं। अमरीश गौतम ने कहा कि मैंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस के माध्यम से जनसेवा को समर्पित किया पर विगत कुछ वर्षों में कांग्रेस अपने हर ध्येय से भटकी है तो भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवाद एवं गरीब उत्थान के प्रति एक नव संकल्प का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के प्रति समर्पण और उनकी आर्थिक योजनाओं से दलित वर्ग को मिल रहे लाभ ने मुझे गत 3 वर्ष से लगातार प्रेरित किया। कांग्रेस में जीवन बिताने के कारण मैं कुंठा के बावजूद वहां बना रहा पर आज मैंने महसूस किया कि यह नगर निगम चुनाव दिल्ली को राष्ट्रीय विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का अवसर बनकर उभर रहा है अतः मैंने आज कांग्रेस को छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।
Copyright @ 2019.