(21/04/2017) 
मनोज तिवारी ने कहा कि राजनीतिज्ञ से पहले मैं एक कलाकार हूँ,
नई दिल्ली, 21 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज सघन प्रचार किया।

 प्रातः उनका प्रचार अभियान बुराड़ी में जनसभा सम्बोधन से शुरू हुआ जिसके बाद बादली में भाजपा प्रत्याशी विजय भगत के साथ तिवारी ने रोड शो किया और अलीपुर में प्रत्याशी श्रीमती निशा मान के साथ पदयात्रा में सम्मिलित हुये। दोपहर में तिवारी ने मंजनू के टीले पर भाजपा प्रत्याशी अवतार सिंह के समर्थन में एक सभा को सम्बोधित किया, पटपड़गंज वार्ड में प्रत्याशी विपिन बिहारी सिंह के साथ रोड शो में शामिल हुये। तिवारी ने अपने इस विजय विकास यात्रा चुनाव अभियान को महरौली जिले के वार्ड महरौली एवं सैदुलाजाब में जनसम्पर्क के साथ विश्राम दिया। मनोज तिवारी ने महरौली में जनसमूह को सम्बोधित करते हुये कहा कि दिल्ली नगर निगम के इस चुनाव अभियान में मेरा लाखों लोगों से सीधा संवाद हुआ है और उनकी आंखों में जहां मैंने दिल्ली का विकास ठप्प करने के लिए अरविन्द केजरीवाल के प्रति आक्रोश देखा है तो वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के कार्यक्रमों के प्रति उत्साह देखा है, जिसके बल पर मैं भाजपा की भव्य वियज के प्रति आश्वस्त हूँ। तिवारी ने कहा कि एक राजनीतिज्ञ से पहले मैं एक कलाकार हूँ, एक भावनात्मक इंसान हूँ और मैं दिल्ली की जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि भाजपा अपने चुनाव संकल्प पत्र को अक्षरशः पूर्ण करेगी।
Copyright @ 2019.