राष्ट्रीय (06/04/2015) 
पेंच में चल रहे अवैध ईंट भट्टे: नागराज

सिवनी: कुरई क्षेत्र में पेंच टाईगर रिज़र्व के बफर ज़ोन में अवैध रूप से ईंट भट्टों का संचालन किया जा रहा है जिससे, वन्य जीवों के अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है। उक्ताशय की बात मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग के सदस्य के.नागराज द्वारा जारी विज्ञप्ति में कही गई है। उन्होंने कहा है कि पेंच नेशनल पार्क के ग्राम टुरिया से संतोषा पहुंच मार्ग में नदी तट पर अवैध ईंट भट्टों का संचालन किया जा रहा है। इन भट्टों से अवैध रूप से ईंटों का परिवहन भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा है कि गर्मी के मौसम में जब जंगलों के अंदर के जल स्त्रोत सूख जाते हैं तब जंगली जीव अपनी प्यास बुझाने नदी की ओर आते हैं। ऐसी स्थिति में ईंट भट्टों की गर्मी से ये जीव असहज हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि ईंट भट्टों की तपन से जंगली जानवरों सहित वृक्षों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

के.नागराज ने कहा है कि नियमानुसार बफर ज़ोन या उससे सटे हिस्सों में इस तरह के ईंट भट्टों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने तत्काल प्रभाव से ईंट भट्टों को बंद कराने की मांग की है।

Copyright @ 2019.