राष्ट्रीय (06/04/2015) 
कन्हई राम ने ली भाजपा की बैठक

सिवनी: 'मन के ठाने जीत है, मन के माने हार' जो कार्यकर्त्ता दृढ़ निश्चय करके अपने कार्य के लिए निकलता है, सफलता सदैव उसके साथ होती है। प्रदेश संगठन ने आपके जिले को चार लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया था, लक्ष्य से आपका जिला थोड़ी दूर जरूर है लेकिन, निश्चित ही आने वाले दिनों में आपकी सक्रियता न सिर्फ इस लक्ष्य को हासिल करेगी बल्कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यदि सिवनी जिले के कार्यकर्ता इसी संकल्प के साथ जुटे रहे तो यह चार लाख सदस्यों का लक्ष्य छः लाख तक पहुंच जायेगा। उक्ताशय की बात आज सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक वृहद बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कन्हई राम रहुवंशी द्वारा कही गईं। रघुवंशी ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बन गया है। इस अभियान को प्रदेश स्तर पर जिस गति से चलाया जा रहा है उसका एक उदाहरण मैं स्वयं हूं।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले दिनों जब प्रातः नौ बजे मैं सदस्यता अभियान के लिए निकला तो प्रथम सदस्य का जो सदस्यता क्रमांक था और इसके पश्चात देर शाम तक मैंने जब सौवां सदस्य बनाया तो उसका सदस्यता क्रमांक देखकर मैंने पाया कि इन 12 घंटों में प्रदेश में 11 लाख सदस्य बन चुके हैं। मैं सिवनी के कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं कि उन्होंने चार लाख सदस्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि सिवनी जिले का संगठन इस लक्ष्य से बहुत आगे जायेगा।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि इस बैठक को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री हुकुमचंद गुप्ता द्वारा कहा गया कि पार्टी का सदस्यता अभियान एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। प्रत्येक दायित्ववान कार्यकर्ता एवं संगठन की समस्त ईकाईयों को सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया था, कुछ कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत करके अपने लक्ष्य को प्राप्त किया है। जिन कार्यकर्ताओं ने अभी तक लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया है, वे इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण करने के लिए जी जान से जुटें।

गुप्ता ने कहा कि जब हम एक सदस्य बनाने के लिए निकलते हैं तो इसके माध्यम से न सिर्फ हम एक व्यक्ति को भाजपा परिवार से जोड़ते हैं बल्कि इसके साथ ही हमारी विचारधारा और कार्य भी लोगों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 30 अप्रैल तक हमंे निरन्तर प्रयत्नशील रहकर सदस्यता अभियान को सघनता के साथ पूर्ण करना है।

इस बैठक में अपना प्रारंभिक उद्बोधन देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष वेद सिंह ठाकुर द्वारा कहा गया कि आने वाले दिनों में संगठन का पुर्नःगठन किया जाना है। मंडलों और नई जिला कार्यसमितियों का गठन होगा किन्तु, इसमें वे ही सदस्य स्थान पा सकंेगे जिन्होंने सदस्यता अभियान के माध्यम से 100 सदस्य बनाकर सक्रिय सदस्यता प्राप्त की हो।

उन्होंने आगे कहा कि हमने प्रत्येक मंडल को 300 सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया था, हमारे कुछ मंडल अभी इस लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाये हैं। उनसे श्री ठाकुर ने आग्रह किया कि आने वाले दिनों में प्राण-पण से जुटकर इस लक्ष्य को पूरा करें। इसके साथ जिलाध्यक्ष द्वारा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि वे अधिक से अधिक आजीवन सहयोग निधि एकत्रित करने में अपना योगदान प्रदान करें।

Copyright @ 2019.