राष्ट्रीय (07/04/2015) 
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर भाजयुमो वरिष्ठों का करेगी सम्मान
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा रायपुर शहर जिला के कार्यकर्ता ने आगामी 11 अप्रैल को विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठजनों का सम्मान करने का निर्णय लिया है। वहीं मंच के माध्यम से वरिष्ठजन अपने खट्टे-मीठे अनुभवों से युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को रूबरू कराते हुए आज के आधुनिक व कठिन डगर में अपने आप को स्थापित व सफलता हासिल करने की कुंजी देते दिखेंगे। इस संबंध में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष संजूनारायण सिंह ठाकुर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में 6 अप्रैल से 12 अपै्रल तक पूरे सप्ताह मना रही है। पूरे सप्ताह में भाजपा से जुड़े अनुषांगिक संगठन जैसे महिला मोर्चा, व्यापारी प्रकोष्ठ, मजदूर मोर्चा, अल्पसंख्यक मोेर्चा, किसान मोर्चा आदि मोर्चा व प्रकोष्ठ पार्टी शीर्ष नेतृत्व की सहमति से अलग-अलग तिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता युवा मोर्चा रायपुर शहर जिला के कार्यकर्ता 11 अप्रैल को शाम 4 बजे संभागीय कार्यालय एकात्म परिसर में नगर के विभिन्न क्षेत्रों जिनमें सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक, पत्रकारिता, खेल, सेवा संगठन आदि से जुडे़ विशेषज्ञों और वरिष्ठजनों का सम्मान करने जा रही है। इसके लिए सभी 16 मंडलों से 10-10 वरिष्ठों का चयन स्थानीय भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के माध्यम से किया जा रहा है। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का श्रीफल व साल के साथ सम्मान और उनका मार्गदर्शन युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा। ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। वहीं मंडल अध्यक्षों के माध्यम से वार्ड स्तर पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर वरिष्ठ नागरिकों की लिस्टिंग शुरू कर दी गई है। 
Copyright @ 2019.