राष्ट्रीय (18/04/2015) 
सभी जिला मुख्यालयों पर खोले जाएंगे इन्डोर खेल परिसरः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी जिला मुख्यालयों में बहुउद्देशीय इन्डोर खेल परिसर बनाने पर विचार कर रही है। यह परिसर उन सभी जिला मुख्यालयों में बनाए जाएंगे, जहां पर अभी तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के कुछ भागों में खेल क्षेत्र एवं होस्टलों के निर्माण पर भी विचार किया जा रहा है। 
मुख्यमंत्री आज यहां सातवीं राज्य स्तरीय उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी खेल प्रतियोगिता के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा क्लब गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के लिए वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान वार्षिक अनुदान को बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया गया है।
वीरभद्र सिंह ने क्रिकेट, वाॅलीबाल, कबड्डी, टेबल टेनिस और बेडमिंटन खेलों में भाग लेने राज्य के 9 जिलों से आए लगभग 300 प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि उपायुक्त कार्यालयों के कर्मचारियों अत्याधिक कार्य बोझ और व्यस्तताओं के बावजूद खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए समय निकाला है। 
वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने वर्ष 2015-16 के लिए 35 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धर्मशाला में एक फुटबाल अकादमी स्थापित करने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया।
महासचिव एच.सी. गेजटा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी खेल निकाय के अध्यक्ष डी.एन. चैहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.