राष्ट्रीय (23/04/2015) 
अब राहुल जाएंगे केदारनाथ

तकरीबन दो महीने के छुट्टी के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उत्तराखंड जाएंगे।राहुल गांधी केदारनाथ बाबा के दर्शन के लिए गुरुवार यहां पहुंचेंगे। वे गौरीकुंड से केदारनाथ की करीब 17 किलोमीटर की यात्रा पैदल ही करेंगे। लिंचौली में रात्रि विश्राम करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार सुबह 10. 30 बजे विशेष विमान से दिल्ली से जौलीग्रांट पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी भी आ रही हैं। जौलीग्रांट से राहुल और सोनी गौरीकुंड तक हेलीकॉप्टर से जाएंगे। 

गौरीकुंड से लिंचौली तक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पैदल जाएंगे। रात्रि विश्रम लिंचौली में करेंगे। 24 अप्रैल को लिंचौली से केदारनाथ मंदिर तक वे पैदल ही जाएंगे। इस दौरान उनके साथ प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी, मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता साथ रहेंगे।

मुख्यमंत्री के मुख्य मीडिया समन्वयक सुरेंद्र कुमार ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका है, जब राहुल गांधी केदारनाथ की पैदल यात्रा करेंगे। राहुल और मुख्यमंत्री केदारनाथ के कपाट खुलने के मौके पर मौजूद रहेंगे। वे मुख्यमंत्री के साथ केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 24 को सुबह 8.50 बजे खुलेंगे।


Copyright @ 2019.