राष्ट्रीय (03/05/2015) 
दिग्विजय सिंह को भरोसा नहीं, न्यायालय का अपमान कर रहे है- नंदकुमार

इंदौर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान पार्टी के महासंपर्क अभियान की जानकारी देने के लिए बुलाई गई प्रेस वार्ता में अपनी बात रखते हुए सीधे कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर निशाना साधने लगे। चौहान ने व्यापमं घोटाले पर दिग्जिवय सिंह को जालसाजी कर हलकट राजनीति करने का आरोप लगाया।

चौहान बोले कहा कि सिंह ने जालसाजी कर शिवराज सिंह को फंसाने की कोशिश की और अब वे न्यायालय पर भरोसा नहीं कर उसका भी अपमान कर रहे हैं। उनकी विश्वसनीयता पहले ही कम थी, अब शून्य हो गई है। सोनिया गांधी को शिवराज द्वारा पत्र लिखने को चौहान ने लोकतंत्र का हवाला देकर सही करार दिया।

20 बरस से ये शहर आपको चुन रहा है। सांसद से लेकर महापौर और विधायक से लेकर पार्षद सब आपकी पार्टी के है। लेकिन शहर में गुंडागर्दी चरम पर है और आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। बावजूद इसके आपकी पार्टी का एक भी जनप्रतिनिधि कुछ नहीं बोलता? क्या आपके पार्षदों और विधायकों को नहीं पता कि कहां-कहां अवैध शराब बिक रही है?

दूध की दुकान तो राजबाड़ा पुलिस वक्त पर बंद करा देती है लेकिन दारू की दुकान पर आधी रात के बाद भी शराब बिकती है? ठेकेदार को लाईसेंस एक दुकान का मिलता है लेकिन वह अवैध शराब गली-गली में बिकवा रहे हैं, कहां हैं आपके जनप्रतिनिधि? पुलिस जनता को चेकिंग के नाम पर परेशान करती है लेकिन बगल में ही गुंडे चेन खींच लेते हैं? क्या आपके जनप्रतिनिधि, जनता के प्रतिनिधि है या पार्टी और संगठन के?

ये तीखे सवाल जब नंदकुमार सिंह चौहान के सामने रखे गए उस वक्त चौहान के साथ पार्टी के विधायक, पार्षद और दो-दो पूर्व महापौर भी मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने संगठन का हवाला देकर बात टालने की कोशिश की तो उन्हें जवाब मिला कि इन्हें जनता ने चुना है, संगठन ने नहीं। इन सवालों के जवाब में चौहान को कहना पड़ा कि आज से पूरा भाजपा संगठन व जनप्रतिनिधि गुंडा अभियान में जनता के साथ है।

Copyright @ 2019.