राष्ट्रीय (12/05/2015) 
दिल्ली तक आती हैं कुछ लोगों की शिकायतें:शाह

भोपाल । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों से सीएम निवास में बात की। उन्होंने बातचीत में संकेत दिए कि प्रदेश के कार्यकर्ता मेरे पास आकर बताते हैं कि प्रभारी मंत्री उनसे नहीं मिलते। इसलिए कोशिश करें कि जब जिलों में जाएं और अफसरों की बैठक लें तो कार्यकर्ताओं की भी अलग से एक बैठक होनी चाहिए। साथ ही आसपास की हारी हुई लोकसभा या विधानसभा में भी अभी से मेहनत करें। शाह करीब एक घंटा देरी से सीएम निवास पहुंचे।

चर्चा के दौरान शाह ने मंत्रियों से कहा कि हाल में तीन योजनाएं केंद्र सरकार ने जारी की हैं। मंत्री 20 से 30 मई तक अभियान के रूप में इन योजनाओं को लें और जनता तक पहुंचाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे जोड़ें। महासंपर्क के साथ यह भी हो जाएगा। इसी दौरान वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार ने पूछा कि कश्मीर में पीडीपी के साथ जाने से सवाल उठ रहे हैं।

कश्मीर समस्या पर लोग पूछताछ करते हैं। इस पर शाह ने कहा कि यह गठबंधन भाजपा के पक्ष में जाएगा। जहां घाटी में पहले नरेंद्र मोदी के पुतले जलते थे, अब मुफ्ती के पुतले जल रहे हैं। वहां 9 लाख हिंदू हैं जो वोट नहीं करते। यदि वह वोट करने लगेंगे तो भाजपा 17 सीटें और जीतेगी। इसी दौरान गृहमंत्री बाबूलाल गौर ने भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर प्रश्न किया तो शाह ने कहा-घ्कृषि भूमि सिर्फ शासकीय योजनाओं के लिए ली जाएगी।घ् गौर बोले-फिर किसान संघ क्यों विरोध कर रहा है? इस पर शाह ने कहा कि - कुछ दिन बाद सभी भाजपा के साथ खड़े होंगे।

भेल दशहरा मैदान पर सुशासन संकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शहर से लेकर गांव तक भाजपा की सरकार बन गई है। इसलिए नगर निगम, जिला, जनपद और पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बनती है कि उन्हें विकास के लिए दिल में तड़प पैदा करनी होगी। तभी जाकर सही सुशासन का संकल्प पूरा होगा।

सीएम ने विकास के पांच मंत्र भी बताए। इनमें स्वच्छता अभियान, हर घर में शौचालय बनवाना, कोई भी सामाजिक योजना का क्रियान्वयन, जनता की सेवा और केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा। कार्यक्रम में अमित शाह समेत भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडे, सौदान सिंह व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान मौजूद रहे।

भेल दशहरा मैदान में सुशासन संकल्प सम्मेलन के बाद अमित शाह को सीएम निवास जाना था, लेकिन वे सीधे वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे। मुख्यमंत्री भी साथ थे, पर वे गेस्ट हाउस के बाहर से लौट गए। कमरे में शाह ने नंदकुमार सिंह चौहान से अकेले बात की। फिर प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे और अरविंद भदौरिया को बुलवाया गया। इनके साथ चर्चा के बाद शाह सीधे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय समिधा पहुंचे। यहां उनकी संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, क्षेत्र प्रचारक अरुण जैन, प्रांत प्रचारक सुहास भगत से मुलाकात हुई।

Copyright @ 2019.