राष्ट्रीय (13/05/2015) 
सरकारी स्कूल में 30 जून तक शौचालय निर्माण का जिम्मा कलेक्टर का

भोपाल । मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा ने आज विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये कलेक्टर्स से प्राथमिक विषयों पर बातचीत की। मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टर्स को अगले माह तक 'स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय' अभियान में सभी सरकारी विद्यालय परिसर में शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहाँ शौचालययुक्त और स्वच्छ स्कूल होने का विशेष 'लोगो' तैयार किया गया है। यह लोगो सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित भी किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय के नजदीक लोगो प्रदर्शन के साथ 30 मई से स्वच्छ विद्यालय घोषित करने का कार्य भी प्रारम्भ होगा। मुख्य सचिव डिसा ने कहा कि शेष विद्यालय में जल्द ही शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण करवाया जाए। आगामी 30 जून तक हर हाल में इस कार्य को अंजाम दिया जाना है। इसके लिए खुद कलेक्टर जवाबदेह होंगे।

कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती ने विद्यालय में निर्धारित अवधि में गुणवत्ता पूर्ण शौचालय बनाए जाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि 51 अधिकारी जिला-स्तर पर हो रहे कार्य की दैनिक समीक्षा कर रहे हैं।

Copyright @ 2019.