राष्ट्रीय (02/06/2015) 
मुख्यमंत्री राहत कोष में करें उदारतापूर्वक अंशदान: वीरभद्र सिंह
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने के लोगों से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए उदारतापूर्वक अंशदान करें ताकि यह राशि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मुश्किल के समय में उपलब्ध करवाई जा सके।
मुख्यमंत्री भूकंप के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 'सिटीज़न फ्रंट' , जो गैर सरकारी संगठनों का समूह है द्वारा शिमला के ऐतिहासिक रिज पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जो भूकंप संवेदी क्षेत्र में आता है,लोगों के लिए यह आवश्यक है कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि गत दिनों पड़ोसी देश नेपाल में आए भूकंप में काफी जान-माल का नुकसान हुआ, जिससे हमें सबक लेने की आवश्यकता है और हमें ऐसी स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी पग उठाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में नेपाल में आए भूकंप से प्रभावित लोगों को सहायता के तौर पर एक करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि आज अंशदान के रूप में प्राप्त धनराशि को भी नेपाल के भूकंप प्रभावितों की सहायता के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने सिटीज़न फ्रंट द्वारा प्राकृतिक आपदाओं के संबंध में लोगों को जागरूक करने के प्रयासों की प्रशंसा की।
लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से संस्था द्वारा आज विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान के लिए लोगों को प्रेरित करना है ताकि आपदा के समय अधिक से अधिक जरूरतमंद एवं गरीब लोगांे की सहायता की जा सके। इसके अतिरिक्त, आपदा के समय लोग क्या सावधानियां बरतें, इस बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शिमला एम.सी. निःशुल्क वाई-फाई सुविधा का शुभारम्भ किया, जिसे पायलेट आधार पर आरम्भ किया गया है। इसके अन्तर्गत अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान ऐतिहासिक रिज पर स्थित चर्च से लेकर स्कैंडल प्वाईंट तक निःशुल्क वाई-फाई सुविधा उपलब्ध होगी।
शहर के विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थी, जिनमें मूक बधिर स्कूल के बच्चे तथा राॅक बैंड ने इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्राकृतिक आपदाओं के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए इस मौके पर कैंडल मार्च का भी आयोजन किया गया।
इससे पूर्व, हिमाचल प्रदेश रेडक्रास अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष तथा पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने संस्था द्वारा शिमला के रिज पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ किया तथा रक्तदान किया।
इस मौके पर उन्होंने संस्था के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 31,000 रुपये का अंशदान किया। लाहुल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 21,000 रुपये का अंशदान किया।
सिटीज़न फ्रंट द्वारा आयोजित वेकअप काॅल के अन्तर्गत आज प्रातः हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने रन फाॅर ह्यूमेनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 'रन फाॅर ह्यूमेनिटी' में राजधानी शिमला के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इस दौड़ का आयोजन सीटीओ से अंबेदकर चैक तक किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में भी भूकंप, प्राकृतिक आपदा एवं मानवीय सेवा के प्रति जागरूकता लाना है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनार्था, नगर निगम शिमला के महापौर टिकेंद्र पंवर, शिमला के उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.