राष्ट्रीय (05/06/2015) 
भैयालाल राजवाड़े और भाजपा का घंमड बोल रहा है: कांग्रेस
रायपुर । आंगनबाड़ी सहायिकाओं पर श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े की आपत्तिजनक टिप्पणी को भाजपा सरकार की महिला विरोधी कर्मचारी विरोधी सोच का जीताजागता उदाहरण निरूपित करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि यदि मंत्री इसी तरह सरकारी महिला कर्मचारियों के साडि़यों के दामों पर बोलने लगे तो पूरी भाजपा सरकार बड़ी कठिनाई में पड़ जायेगी। आंगनबाड़ी सहायिकायें अपनी तनखा के पैसों से ही साड़ी नहीं खरीदती है। किसी भारतीय महिला की पहनी हुयी साड़ी से उसके पिता का आशीष, उसके भाई का स्नेह, पति का प्रेम या बेटे का आदर भी जुड़ा होता है। मंत्री बनते ही भैयालाल राजवाड़े द्वारा आंगनबाड़ी सहायिकाओं की साड़ी पर टिप्पणी करना एक बड़ी गलती है जिसके लिये कभी भी मंत्री को और भाजपा सरकार को माफ नहीं किया जा सकता है। "4000 का वेतन 500 रू. की साड़ी। वाह रे आंगनबाड़ी।" जैसे नारी विरोधी टिप्पणियों में भैयालाल राजवाड़े को मंत्री बनने का और भाजपा का सत्ता का घमंड बोल रहा है। मात्र 4000 रू. आंगनबाड़ी सहायिकाओं को देने वाली भाजपा सरकार के मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने आंगनबाड़ी सहायिकाओं की साड़ी पर टिप्पणी कर अपनी घटिया नारी विरोधी स्तरहीन सोच का सबूत दिया है। आंगनबाड़ी सहायिकाओं को पहले ही काफी कम वेतन मिलता है। वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हाल ही में आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने जबर्दस्त आंदोलन भी किया था जिसे पूरे प्रदेश में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ था। आंदोलन से भयभीत होकर भाजपा सरकार ने साम दाम दंड भेद की कूटनीति से आंगनबाड़ी सहायिकाओं का आंदोलन तोड़वाया था। 
Copyright @ 2019.