राष्ट्रीय (05/06/2015) 
सो रही बच्ची को तेंदुआ मुंह में दबाकर भागा
अलीराजपुर । घर के बाहर मां के साथ सो रही एक मासूम को तेंदुआ मुंह में दबाकर ले भागा। समय पर मां सहित परिजनों की नींद खुली तो वे पत्थर लेकर तेंदुए के पीछे दौड़। कुछ दूर जाकर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया। घायल बच्ची को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना अलीराजपुर के झोलिया गांव की है। यहां ईश्वर और उसका पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था। रात में करीब तीन बजे ईश्वर की पत्नी को अचानक बेटी रवीना (डेढ़ वर्ष) के चीखने की आवाज आई, उसने देखा तो एक तेंदुआ उसका सिर मुंह में दबाकर भाग रहा था। उसने शोर मचाकर पति और देवर को उठाया। तब तक तेंदुआ लगभग 50 फीट आगे जा चुका था। सभी ने मिलकर शोर मचाया और तेंदुए को पत्थर मारते हुए पीछे दौड़। शोर सुन तेंदुआ बच्ची को छोड़ कर भाग निकला। रवीना के सिर पर तेंदुए के दांत और पंजों के कई निशान हैं, उसके सिर में चार जगह चोट आई है।
रवीना के परिजन पहले उसे लेकर पास के गांव आजादनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, वहां से उन्हें आलीरजपुर के ज़िला अस्पताल भेजा गया। वहां स्थिति बिगड़ने पर इंदौर के एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया गया। रवीना के चाचा कमलेश ने बताया कि उनका गांव गुजरात के रतनमहल सेंचुरी पार्क से सटा हुआ है। इस कारण अक्सर जंगली जानवर गांव में आ जाते हैं। पहले भी एक-दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन वन विभाग ने अभी तक ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए कोई पहल नहीं की है।
Copyright @ 2019.