राष्ट्रीय (27/06/2015) 
युवक की गला रेतकर हत्या
घटना स्थल पर पड़ी हुई मिली टूटी हुई चूड़ियां नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक इलाके में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान सलीम (35) के रूप में हुई है। पुलिस को घटना स्थल से कांच की चूडी (टूटी हुई) मिली है। फिलहाल पुलिस सलीम के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार,सलीम परिवार के साथ न्यू अशोक नगर मकान संख्या-ई-365 में रहता था। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। परिवार में पत्नी गुलिस्तां (26) दो बच्चे समीर (11),पांच माह की बेटी सोनम व एक रिश्तेदार रिजवान (24) रहता है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली की एक युवक की हत्या हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया सलीम का शव डबल बैड पर पड़ा हुआ है और उसके गले से खून निकल रहा है। घटना के बारे में पूछे जाने पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सलीम के गले को किसी तेजधार हथियार से रेता गया है। पुलिस को मौके से कुछ कांच की टूटी हुई चूडी भी मिली है। पुलिस सूत्रोें की माने तो पुलिस को सलीम की पत्नी व रिजवान पर शक है। वहीं पुलिस पूछताछ में सलीम की पत्नी ने बताया कि बुद्धवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग घर में सो गए थे। सुबह जब उठे तो घटना का पता चला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रविंदर कुमार
Copyright @ 2019.