राष्ट्रीय (04/07/2015) 
दूल्हे-दुल्हन लेट तो 5 हजार जुर्माना

भोपाल। भोपाल की सेंट्रल सिंधी पंचायत ने फैसला किया है कि यदि दूल्हे-दुल्हन रिसेप्शन पार्टी में आधे या एक घंटे देरी से आते हैं तो उनके ऊपर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा।

इस पेनल्टी की जिम्मेदारी वहां की छोटी पंचायत पर होगी। इस पंचायत ने बारात में महिलाओं के सड़क पर डांस को भी प्रतिबंधित कर दिया है। पंचायत मेंबर वेद प्रकाश आर्य ने कहा कि महिलाएं या युवतियां बारात निकलने और पहुंचने के दौरान सड़क पर नहीं नाच पाएंगी। 'आर्य ने कहा कि आजादी के पहले से ही सिंधी समाज में यह नियम लागू है। उन्होंने कहा कि हमारी महिलाएं सड़क पर बरात में डांस नहीं करती थीं। जिस घर में शादी है वहां की लड़कियां घर में ही डांस कर पाएंगी या फिर बारात कैंपस में ही डांस कर पाएंगी।'

सिंधी पंचायत के लोगों ने सड़क पर नाचने से महिलाओं को प्रतिबंधित करने का स्वागत किया है। एक सदस्य ने कहा कि सड़क पर नाचने के दौरान मनचले फब्तियां कसते हैं। इनका कहना है कि किसी भी फंक्शन में मर्यादा और अनुशासन का बने रहना बेहद जरूरी है। पंचायत ने कहा कि बिना अनुशासन के किसी भी फंक्शन में अराजकता प्रवेश कर जाती है।

Copyright @ 2019.