राष्ट्रीय (15/07/2015) 
इस्तीफे का सवाल ही नहीं,शिवराज पर गर्व है: तोमर

भोपाल । व्यापमं घोटाले को लेकर कांग्रेस के आरोपों का सामना कर रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पक्ष में मंगलवार को भाजपा के बड़े नेता मैदान में उतर आए। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री को क्लीनचिट देते हुए कहा कि पार्टी को शिवराज पर गर्व है, उनके इस्तीफे का सवाल ही नहीं है। शिवराज को जनता ने चुना है। वे कांग्रेस के कहने पर इस्तीफा क्यों दें। उन्हें तो धन्यरवाद दिया जाना चाहिए कि मामला संज्ञान में आते ही कार्रवाई की। एसटीएफ को जांच सौंपी।

सीबीआई जांच की पहल भी उन्होंने ही की। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए तोमर ने कहा मप्र को देश-दुनिया में बदनाम करने का पाप कांग्रेस ने किया है, जनता कभी माफ नहीं करेगी। भाजपा ने मंगलवार को भोपाल सहित ग्वालियर, इंदौर, सागर, जबलपुर, रीवा और उज्जैन में पत्रकारवार्ता कर कांग्रेस के आरोप पर पलटवार किया। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने भोपाल में पत्रकारवार्ता कर कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव के वक्त भी कांग्रेस ने व्यापमं का मुद्दा उठाया था, पर जनता ने खारिज कर दिया। इसके बावजूद कांग्रेस असत्य को सत्य साबित करने में लगी है। जबकि, मुख्यमंत्री ने निष्पक्षता के साथ जांच कराई है तो उन्हें इस्तीफा देने की कोई जरूरत नहीं है। वे मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे।

एक भी आरोप नहीं टिकारू तोमर ने कहा कि कांग्रेस ने कभी गोंदिया के लोगों का चयन परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा में होने का आरोप लगाया तो कभी कहा रिकार्ड जला दिया है। हार्डडिस्क प्रस्तुत की और फर्जीवाड़े के आरोप लगा दिए पर हाईकोर्ट ने फैसला दे दिया। सीबीआई जांच की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने पहल की और सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दे दिया। जांच एजेंसी की टीम भोपाल आ चुकी है।

कांग्रेस को नतीजों का इंतजार करना चाहिए। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा, लेकिन कांग्रेस का उद्देश्य राजनीति चमकाना है, इसलिए प्रदेश बंद कराया जा रहा है। इससे भाजपा में कोई घबराहट या बौखलहाट नहीं है। चाहे केन्द्रीय मंत्री हो या अन्य पदाधिकारी, पहले भाजपा कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है तो उसे जवाब देना जरूरी है ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके। हमारे मन में कोई पाप या अपराध नहीं है। सीबीआई से जांच कराने में भी कोई देर नहीं हुई।

Copyright @ 2019.