राष्ट्रीय (17/07/2015) 
बहुत हुई मोदी भक्ति, अब काम भी कीजिए: शिवसेना
मुंबई। विपक्षी पार्टियों के बढ़ते दवाब के बीच बुधवार को भारतीय जनता पार्टी को उस वक्त शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा जब सहयोगी शिव सेना ने भी प्रदेश में बढ़ते कृषि संकट पर फडणवीस सरकार को आड़े हाथों लिया। विपक्ष महाराष्ट्र सरकार से किसानों के कर्ज माफ करने की मांग कर रहा थी तभी विधानसभा में शिव सेना ने फडणवीस सरकार पर तीखा हमला किया।

शिव सेना विधायक गुलाब राव पाटील ने विधानसभा में बहस के दौरान कहा, 'मोदी भक्ति ही पर्याप्त नहीं है। हम किसानों की वजह से ही सत्ता में आए हैं। 200 लोगों को किसानों ने विधायक बनाया है। पूर्ववर्ती सरकार से आजिज आकर ही जनता ने हमें वोट किया था। यदि हम किसानों के लिए नहीं लड़ते हैं तो हम भी पिछली सरकार की तरह ही बेकार हैं।'

महाराष्ट्र में विपक्ष विधानसभा कार्यवाही का बहिष्कार कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि प्रदेश में किसानों का कर्ज माफ किया जाए। इसी मुद्दे पर विधानसभा में सत्ताधारी पार्टी ने बहस की शुरुआत की है।

इस बहस की शुरुआत बीजेपी के अनिल गोटे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ से की थी। इस दौरान गोटे ने किसानो की समस्या के लिए कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व कृषि मंत्री शरद पवार को भी निशाने पर लिया। गोटे ने कहा कि किसानों की आत्महत्या के लिए पूर्ववर्ती सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि हमलोग कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस की खराब नीतियों की कीमत चुका रहे हैं। गोटे ने कहा कि कांग्रेस सरकार में चारों तरफ भ्रष्टाचार का आलम था और उसी की कीमत किसानों को चुकानी पड़ रही है।

जब ओटे के भाषण का बीजेपी विधायक बेंच बाजाकर स्वागत कर रहे थे तभी गुलाब राव पाटील ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि हम किसानों की आत्महत्या का राजनीतिकरण नहीं कर सकते। इस आपत्ति पर दोनों पार्टियों के बीच कहासुनी हुई। अब पाटील की बोलने की बारी थी। उन्होंने बीजेपी के ठीक उलट अपनी बात कही। उन्होंने कहा, 'हम किसानों को किंग कहते हैं लेकिन सबसे ज्यादा वही पीड़ित है। 'हालांकि उन्होंने फडणवीस के कुछ कदमों की सराहना भी की। उन्होंने 'जलयुक्त शिवार' अभियान की तारीफ की लेकिन इसका क्रेडिट उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को दी।
Copyright @ 2019.