राष्ट्रीय (17/07/2015) 
जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र कार्यालय का उद्घाटन ,आवारा कुत्तों के लिए बंध्याकरण के आदेश
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त, प्रवीण गुप्ता ने आज पीरागढ़ी क्षेत्र (वार्ड नं0 42) का निरीक्षण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय निगम पार्षद, पृथ्वी सिंह राठौर, उपायुक्त, दीपक पुरोहित एवं निगम के उच्चाधिकारी सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त, प्रवीण गुप्ता ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र कार्यालय का उद्घाटन किया। इस कार्यालय के उद्घाटन से क्षेत्र के नागरिकों को घर के निकट ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र मिलने प्रारंभ हो जायेंगें। पृथ्वी सिंह राठौर ने अपने क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों से आयुक्त को अवगत कराया। गुप्ता ने व्यायामशाला एवं पुस्तकालय को भी शीघ्र नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित करने के आदेश दिये।
मेन रोहतक रोड पर स्थित बारातघर को भी वातानुकूलित समुदाय भवन में विकसित करने के आदेश दिये। इसी के साथ आयुक्त ने बी-ब्लाॅक स्थित इस्तेमाल में न आने वाले जनसुविधा परिसर को तोड़कर मनोरंजन केन्द्र तथा सी-ब्लाॅक में स्थित जनसुविधा परिसर को तोड़कर पार्क में विकसित करने के भी निर्देश दिये।
प्रवीण गुप्ता ने ज्वालापुरी स्थित विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उसके जर्जर हो चुके कमरों को तोड़कर नये कमरों का निर्माण करने के आदेश दिये। उद्योग नगर में खाली स्थान पर आवारा कुत्तों के बंध्याकरण हेतु केन्द्र विकसित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
Copyright @ 2019.