राष्ट्रीय (17/07/2015) 
बाढ़ संभावित क्षेत्रो में बचाव के लिए 5 करोड़ खर्च
कैथल:- जिला में बाढ़ बचाओ के प्रमुख प्रबंधों पर लगभग साढ़े 5 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जा रही है। ये सभी बचाव प्रबंध घग्गर नदी से आने वाली संभावित बाढ़ को रोकने के लिए किए गए हैं। उपायुक्त के.मकरंद पांडुरंग ने बताया कि जिला में घग्गर नदी के आसपास के गांव में किसी भी संभावित बाढ़ को रोकने के लिए बाढ़ बचाव कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। गुहला नदी की बुर्जी नंबर 126700 से 128200 तक स्टोन पिचिंग के कार्य पर एक करोड़ 8 लाख 51 हजार 412 रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इससे लालपुर, हेमूमाजरा, हंसुमाजरा, भाटियां तथा दाबनखेड़ी गांवों को फायदा होगा। यह कार्य वर्षा की वजह से रूका हुआ था, जिसे जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। घग्गर नदी की बुर्जी नंबर 152000 से 157500 तक स्टोन पिचिंग के कार्य पर 2 करोड़ 65 लाख 96 हजार 438 रुपए की धनराशि खर्च की गई है। इससे बदसूई, कल्लरमाजरा, टटियाणा तथा चीका को लाभ होगा। कसौर, समदान, खरकां तथा उरलाना गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए घग्गर नदी पर 73 लाख 34 हजार 596 रुपए की लागत से 4 स्टड का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार भाटिया, श्यूमाजरा, दाबन खेड़ी एवं हेमूमाजरा गांवों के बाढ़ बचाव हेतू 52 लाख 45 हजार 819 रुपए की लागत से 2 स्टड बनाए गए हैं। इसके अलावा टटियाणा, श्यूमाजरा, नंदगढ़, बाउपुर, लालपुर, हेमूमाजरा, भाटियां, दाबनखेड़ी, चाणचक एवं सुल्तानियां के बाढ़ बचाव हेतू भी 54 लाख 33 हजार 952 रुपए की राशि अन्य कार्य पर खर्च की गई है।
Copyright @ 2019.