राष्ट्रीय (20/07/2015) 
जनहित में पेंशन के लिए पैसा जारी करो चाहे श्रेय लो- महापौर
उत्तरी दिल्ली के महापौर रविन्द्र गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष मोहन भारद्वाज के साथ आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर वृद्वावस्था पेंशन जारी करने के लिए धन जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 80 हजार परिवार पेंशन के विलंब के कारण प्रभावित हो रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि निगम की खराब वित्तीय स्थिति के कारण पिछले एक वर्ष से निगम वृद्वों के लिए पेंशन का भुगतान कर पाने में असमर्थ है।
गुप्ता ने कहा कि म्युनिसिपल रिर्फाम फंड के अंतर्गत लगभग 500 करोड़ रूपये की राशि जो दिल्ली सरकार ने निगम को देनी है तुरंत जारी कर दे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वृद्व नागरिक हर माह पेंशन की आस में निगम अथवा पार्षद कार्यालय आते हैं और उन्हें खाली हाथ वापस जाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वृद्वजन अपने 1000 रूपये पेंशन की राशि के लिए इस पुछताछ में आने जाने पर रिक्शा इत्यादि एवं दूरभाष का खर्चा भी कर रहे है।
गुप्ता तथा मोहन प्रसाद भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि निगम निकाय के द्वारा राजस्व प्राप्ति के लिए कुछ नीतियां बनाई गई है लेकिन इन नीतियों से आने वाले परिणाम में समय लगेगा। उन्होंने बताया कि निगम को कुछ स्त्रोतो द्वारा प्राप्त आय से निगम के कर्मचारियों व सफाई कर्मचारियों का वेतन जारी किया गया है।
महापौर व स्थायी समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि निगम को म्युनिसिपल रिर्फाम का हिस्सा जो कि लगभग 500 करोड़ है उसे जल्द से जल्द उत्तरी दिल्ली नगर निगम को प्रदान किया जाए। यदि इस कार्य में विलंब है तो कुछ राशि निगम को उधार स्वरूप प्रदान की जाए ताकि पेंशन का वितरण बिना किसी विलंब के हो सके।
रविन्द्र गुप्ता व मोहन प्रसाद भारद्वाज से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें इस संबंध में विचार कर यथासंभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
Copyright @ 2019.