राष्ट्रीय (20/07/2015) 
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया 3500 करोड़ रुपए से बनी 3 परियोजनाओं का शिलान्यास

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी द्वारा प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की 3500 करोड़ रुपए से अधिक लागत की तीन परियोजनाओं के शिलान्यास तथा 8 नए राष्ट्रीय राजमार्गों को स्वीकृति प्रदान करने के साथ ही आज हरियाणा में सड़क तंत्र को मजबूती देने के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। केन्द्रीय मंत्री ने पंचकूला, अम्बाला और करनाल के लिए रिंग रोड तथा गुडगांव के बादशाहपुर में तीन किलोमीटर लम्बे एलिवेटिड हाइवे के निर्माण की भी घोषणा की।

गडकरी ने आज जिला अम्बाला के साहा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों व विधायकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 73 के यमुनानगर-साहा-बरवाला भाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 65 के अम्बाला-कैथल भाग को चारमार्गी बनाने का शिलान्यास किया। उन्होंने आज ही सिरसा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 को हिसार से डबवाली तक चारमार्गी बनाने की भी आधारशिला रखी।

 इस अवसर पर साहा में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि दिसम्बर, 2015 तक हरियाणा में 25 हजार करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं का कार्य आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र व हरियाणा में भाजपा सरकार आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के 3 लाख 80 हजार करोड़ रुपए के लम्बित कार्यों में से लगभग 90 प्रतिशत कार्यों को गति प्रदान की गई है। इसके तहत हरियाणा में 16 हजार करोड़ रुपए के राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों पर काम चल रहा है।

उन्होंने हरियाणा, पंजाब व जम्मू-कश्मीर को जोड़ने वाले एक नए एक्सप्रैस-वे दिल्ली-गोहाना-कैथल-लुधियाना-अमृतसर-जम्मू-कटरा के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए आर्थिक व तकनीकी संभावनाएं तलाशने के लिए केन्द्रीय मंत्रालय द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के आदेश जारी किए गए हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने जिन नए राष्ट्रीय राजमार्गों को स्वीकृति प्रदान की उनमें भिवानी-मुंढाल-जींद-मेरठ, हिसार-आदमपुर-मानसा-भटिंडा, जींद-सफीदों-पानीपत, तितरम मोड कैथल-हिसार-राजगढ़ राजस्थान सीमा, पिहोवा-कुरूक्षेत्र-यमुनानगर, खंगेसरा-कालाअम्ब, यमुनानगर-पौंटा साहिब, अम्बाला-साहा-शाहाबाद शामिल हैं। इसी प्रकार पंचकूला-चंडीगढ़ व मोहाली, करनाल तथा अम्बाला शहर व अम्बाला छावनी के लिए रिंग रोड बनाने की भी घोषणा की।

गडकरी ने कांग्रेस पार्टी के गरीबी हटाओ के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तथा राजीव गांधी तक गरीबी हटाओ का नारा देते रहे। अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी गरीबी हटाने की बात कर रहे हैं जबकि 65 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी देश की सत्ता पर काबिज रही। इन वर्षों में जनता की तो गरीबी हटी नहीं, हां गरीबी हटाओ का नारा देने वालों की गरीबी अवश्य हटी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकास की राजनीति के माध्यम से देश में गरीबी मिटाने के सिद्घांत पर कार्य कर रहे हैं। इसके लिए 10 हजार से अधिक जनसंख्या वाले गांवों में उद्योग स्थापित किए जाएंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले 9 मास के कार्यकाल में उन्होंने लोगों को पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने की पहल की है और काफी हद तक वे संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में हरियाणा को केवल एक राष्ट्रीय राजमार्ग मिला था जबकि हमारी सरकार के एक साल से भी कम कार्यकाल में दस नए राष्ट्रीय राजमार्ग हरियाणा को मिले हैं। विकास की गति का आकलन जनता स्वयं कर सकती है।

मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में गुड़गांव, फरीदाबाद व सोनीपत की तरह अन्य जिलों, शहरों व कस्बों का एक समान विकास करवाया जाएगा। उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना में सरकार के साथ-साथ जनता की भागीदारी बढ़ने से हम इसको ज्यादा सफल बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात के लिए सड़क तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ रेल मार्ग को भी सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जब वे दिल्ली में उनके पास हरियाणा के लिए परियोजनाओं का खाका लेकर जाते हैं, तो वे इन्हें पूरा करने का आश्वासन देते हैं, परन्तु आज वह आश्वासन मूर्त्त रूप से हमारे सामने है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पहले जी.टी. रोड राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या एक, एनएच 10 और एनएच 8 जैसे गिने-चुने राष्ट्रीय राजमार्ग होते थे, परन्तु आज हरियाणा में नए राष्ट्रीय राजमार्गों की संख्या बढ़कर 10 से अधिक हो गई है।

मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के जनक नितिन गडकरी ही हैं, जिन्होंने देश में सड़क तंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि इनको फ्लाई ओवर मिनिस्टर के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत में भी पैरिस, जापान और कनाडा जैसी सड़कें देखने को मिलेंगी।

 समारोह में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, लोक निर्माण मंत्री राव नरवीर सिंह, समाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सांसद रत्न लाल कटारिया, राजकुमार सैनी, विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल गुर्जर, विधायक संतोष चौहान सारवान, ज्ञान चंद गुप्ता, पवन सैनी, नायब सिंह सैनी, घनश्याम अरोड़ा, लतिका शर्मा, श्याम सिंह राणा, बलवंत सढ़ौरा, भाजपा महिला उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के महाप्रबन्धक बी.एस.सिंगला, हरियाणा लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हरदीप कुमार, पुलिस आयुक्त ओ.पी. सिंह, उपायुक्त विवेक अत्रेय, पुलिस उपायुक्त विजय प्रताप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त ऑरबिन्द शर्मा के अलावा जिला प्रशासन व केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Copyright @ 2019.