राष्ट्रीय (28/07/2015) 
भारतीयों की मुंबई के नाईट क्लब में 'नो एंट्री'

इलहाबाद। एक युवा जोड़े ने मुंबई के एक नाइट क्लब में काम करने वाले 2 कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि रविवार को उन्हें यह कहकर क्लब में नहीं घुसने दिया गया क्योंकि वह भारतीय हैं। 2 में से एक आरोपी विदेशी है। हालांकि, नाइट क्लब ने इस तरह के किसी भेदभाव से इनकार किया है।

शानू मलिक, जो कि एक इवेंट मैनेजमेंट एग्जेक्युटिव हैं, रविवार रात करीब 2.30 बजे अपना जन्मदिन मनाने के लिए जुहू रोड स्थित होटेल सी प्रिंसेस के ट्रिलॉजी पहुंचे। उनके साथ उनकी मंगेतर जेनिफर चावन भी थीं। जेनिफर ने हमें बताया कि उनका इरादा ट्रिलॉजी में अपने कजन और कुछ दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने का था। वह और शानू वहां पहुंच चुके थे, जबकि बाकी को कुछ देर में वहां पहुंच जाना था।

शानू ने कथित घटना की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब के दरवाजे पर एक महिला स्टाफ ने उनसे रुकने को कहा। शानू के मुताबिक, उक्त स्टाफ ने उनसे कहा कि वे लोग क्लब में नहीं जा सकते क्योंकि वे भारतीय हैं। शानू बताते हैं कि उन्हें और जेनिफर को यह दलील बहुत अजीब लगी।

दोनों ने फिर एक अन्य स्टाफ से संपर्क किया, लेकिन उसने भी उन्हें फिर से उसी महिला स्टाफ के पास जाने का निर्देश दिया। शानू के मुताबिक, दूसरे स्टाफ ने उनसे कहा कि वह महिला स्टाफ ही इंचार्ज हैं। शानू का कहना है कि जब उन्होंने अंदर ना आने देने के बारे में बात करने की कोशिश की तो विवाद खड़ा हो गया।

शानू के मुताबिक, इसी बात को लेकर उनकी दोनों क्लब स्टाफ से बहस हो गई। शानू का कहना है कि वह उन दोनों स्टाफ से यह पूछने की कोशिश कर रहे थे कि भारत में क्लब चलाकर कोई कैसे भारतीयों को ही अंदर आने देने से मना कर सकता है।

Copyright @ 2019.