राष्ट्रीय (24/02/2016) 
निरंकारी मिशन द्वारा आई. जी. एम. सी., शिमला में सफाई अभियान आयोजित
शिमला :- सन्त निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में सन्त निरंकारी मिशन के श्रद्धालु भक्तों ने आज इन्दिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, शिमला में सफाई अभियान चलाया। यह सफाई अभियान मिशन के सद्गुरू निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज के 62वें जन्म दिवस के उपलक्ष में चलाया गया।
मिशन निरंकारी बाबा के जन्मदिन को प्रति वर्ष गुरू पूजा दिवस के रूप में मनाता है। सफाई अभियान का शुभारम्भ इन्दिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, शिमला के मैडिकल सुपरिन्टेन्डेन्ट एवं डाॅ. रमेश चन्द ने किया। भारी संख्या में उपस्थित निरंकारी सेवादल एवं चैरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए उन्होनें कहा कि सन्त निरंकारी मिशन व चैरिटेबल फाउंडेशन का यह प्रयास अत्यन्त सराहनीय है, क्योंकि अस्पताल व इसके आसपास के इलाकों में बहुत सारी गन्दगी फैलने की सम्भावना रहती है, जिसके कारण मरीजों एवं आसपास रहने वालें लोगों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
अतः इस तरह के सफाई अभियान आयोजित करने का एक विशेष महत्व है। उन्होनें अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं से भी सफाई अभियान आयोजित करने का आह्वान किया। 
इस अवसर पर शिमला के सेवादल क्षेत्रीय संचालक इन्द्र मोहन जी ने जन कल्याण, विशेष तौर पर स्वच्छता के क्षेत्र में सन्त निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होनें कहा कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के 62 वें जन्मदिवस के उपलक्ष में देश भर के लगभग 108 शहरों के 114 मुख्य अस्पतालों में आज के दिन सामूहिक सफाई अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश मेें इन्दिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान शिमला सहित जोनल अस्पताल, हमीरपुर तथा सिविल अस्पताल, तीसा, चम्बा में भी आज सफाई अभियान आयोजित किए जा रहें हैं। इसके अलावा प्रदेश भर की सभी छोटी-बड़ी ब्रांचें स्थानीय अस्पतालों/डिस्पैंसरियों में सफाई अभियान चलाएंगी तथा 
वृक्षारोपण भी करेगी।
शिमला के सेवादल संचालक अश्वनी वर्मा एवं महिला सेवादल संचालिका संतोष मुक्कर की देखरेख में सेवादल के स्वंय सेवकों ने सफाई का कार्य किया, जिसकी स्थानीय लोगों एवं अस्पताल के प्रबन्धकों ने भरपूर प्रशंसा की। इसके उपरान्त बैमलोई स्थित सन्त निरंकारी सत्संग भवन में गुरू पूजा दिवस समागम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न गीतकारों एवं वक्ताओं ने निरंकारी बाबा के जन्म दिवस की खुशियों से सम्बधित रचनाएं प्रस्तुत की, जिसका समस्त उपस्थ्ति श्रद्धालुओं ने भरपूर आंनद प्राप्त़ किया। समस्त साध संगत के लिए सामूहिक लंगर की व्यवस्था भी की गई थी।
Copyright @ 2019.