राष्ट्रीय (04/03/2016) 
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काटे धूम्रपान करने वालों के चालान
आम यात्रियों के साथ रोडवेज कर्मचारियों के भी काटे चालान
सार्वजनिक स्थानों पर चलाया विशेष अभियान
रेवाड़ी। भले ही सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर प्रतिबंध लगाये कई सालों बीत गये हों, लेकिन आज भी अनेक लोग न्यायालय के आदेश को हवा में उड़ा रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि आम लोग ही नही सरकारी कर्मचारी भी नियमों का उल्लंघन करने में पीछे नही हैं। इसका जीता जागता उदाहरण उस वक्त देखने को मिला जब स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाये गये विशेष अभियान के दौरान आम लोगो के साथ सरकारी कर्मचारी भी धूम्रपान करते पकड़े गये।
आपको बता दे कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेवाड़ी में सार्वजनिक स्थानों पर जाकर एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभाग की टीम ने बस अड्डा पहुंचकर सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान कर रहे यात्रियों के जमकर चालान काटे। इतना ही नही, टीम ने बस अड्डा परिसर मे धूम्रपान कर रहे रोडवेज कर्मचारियों को भी नही बख्शा और उनके भी चालान काट दिये।
इस अभियान को लेकर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही जिले के दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर जाकर इस अभियान को गति दी जायेगी। इस अभियान का उद्देश्य चालान काटना मात्र नही है, बल्कि अभियान के माध्यम से लोगो को जागरूक करना है। इस दौरान पकड़े गये लोगों ने भी यह माना कि सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करना गलत है और संकल्प लिया कि आज के बाद वे ऐसा नही करेंगे।
इस दौरान खास बात यह देखने को मिली कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को चालान काटते देख रोडवेज अधिकारी भी हरकत में आ गये और उन्होंने भी ऐसे यात्रियों के चालान काटने शुरू कर दिये।
Copyright @ 2019.