राष्ट्रीय (06/03/2016) 
पिस्टल की नोंक पर महिला से लूटे सोने की चेन व पेंडल
नई दिल्ली : जाफराबाद इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े पिस्टल की नोंक पर एक महिला से सोने की चेन व पेंडल लूट ली। वारदात के बाद बदमाश पिस्टल लहराते हुए और लोगों को धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। बदमाशों की यह करतूत इलाके में लगे दो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन वारदात होती रहती है लेकिन पुलिस गश्त नहीं बढ़ा रही है। बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।
पीड़ित महिला अन्नू शर्मा (24) अपने पति अमित व परिवार के साथ गली नंबर एक विजय पार्क में रहती हैं। विजय पार्क में ही गली नंबर 11 में रहने वाले रिश्तेदार के यहां शादी को लेकर संगीत का कार्यक्रम था। जिसमें हिस्सा लेने के लिए वह मंगलवार दोपहर में अपनी देवरानी मीनाक्षी के साथ पैदल ही जा रही थी। जैसे ही वह गली नंबर चार के चौक पर पहुंची तभी मोटरसाइिकल सवार बदमाशों में से एक उतरा और उसने गर्दन पर पिस्टल लगा दी और जान से मारने की धमकी देते हुए गले से चेन तोड़ ली। जिससे आधी चेन व पेंडल नीचे गिर गई। लेकिन बदमाश ने उसे भी उठा लिया। उस समय कई लोग इस घटना को देख रहे थे उन्होंने पास आने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दिया और पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। अमित बताते हैं कि चेन व पेंडल मिलाकर ढाई तोले का था। छानबीन में पता चला कि पास स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल और एक अन्य जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की तस्वीरें कैद हो गई हैं। पुलिस ने फुटेज ले लिए और इस आधार पर मामले की जांच कर रही है। स्थानीय निवासी ताराचंद उपाध्याय बताते हैं कि यहां आए दिन इस तरह की वारदात होती रहती है। तीन माह विजय पार्क के दुर्गा गली में मोबाइल की दुकान में लूट हुई थी। झपटमारी की भी कई वारदातें हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस गश्त नहीं होने की वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट
समाचारवार्ता
Copyright @ 2019.