राष्ट्रीय (06/03/2016) 
भाईचारा मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया हवनयज्ञ
गांव रसीना निवासियों द्वारा सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा मजबूत किया गया 
कैथल :- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करनाल स्थित कार्यालय के ओएसडी अमरेंद्र सिंह ने कहा कि जिला के गांव रसीना निवासियों द्वारा सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया हवनयज्ञ सराहनीय कदम है। इस गांव ने हमेशा ऋषि परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। ग्रामीणों ने आध्यात्मिक प्रवृति को उजागर करते हुए समाज में भाईचारा एवं शांति कायम करने की सही दिशा में कार्य किया है। अमरेंद्र सिंह आज रसीना गांव में संपूर्ण ग्राम वासियों द्वारा समाज में सामाजिक सौहार्द का वातावरण बनाने तथा 36 बिरादरी के भाईचारे को मजबूत करने के लिए खेड़ा पर आयोजित किए गए हवन यज्ञ में पूर्ण आहूति डालने के उपरांत ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बाबा धर्मनाथ से आशीर्वाद ग्रहण किया। इसके उपरांत उन्होंने बाबा कांशी पूरी मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की तथा ग्रामीणों के मध्य बैठकर प्रसाद भी ग्रहण किया। ग्रामीणों ने ओएसडी अमरेंद्र सिंह का गांव में पहुंचने पर शाल भेंट करके नागरिक अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम वासियों द्वारा समाज में सौहार्द पूर्ण माहौल बनाने के लिए ऋषि परम्परा को आगे बढ़ाने का नया उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। समाज एवं प्रदेश की उन्नति के लिए आवश्यक है कि समाज में भाईचारा प्रगाढ़ हो तथा सभी समुदाय मिलजुल कर शांति पूर्वक रहें। उन्होंने ग्राम वासियों द्वारा की गई पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। ओएसडी ने कहा कि प्रकृति ने सभी मनुष्यों को एक समान बनाया है। सभी जीवों में परमात्मा का अंश विद्यमान है, जिसे हम आत्मा के नाम से जानते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम तन की शुद्धि के लिए स्नान करते हैं तथा नए वस्त्र धारण करते हैं, उसी प्रकार आत्मा की शुद्धि के लिए हमें अच्छे कार्य करने चाहिएं। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी होने के नाते समाज से अलग होकर नही जी सकता। 
यदि दूसरे अर्थों में कहे तो मनुष्य का अस्तित्व समाज पर निर्भर करता है। सभी व्यक्तियों से मिलकर समुदाय बनता है तथा सभी समुदायों के मिलने से समृद्ध एवं सुसंस्कृत समाज का निर्माण होता है। हर व्यक्ति का यह नैतिक दायित्व बनता है कि वह समाज की उन्नति एवं मजबूती के लिए सभी समुदायों से आपसी मेलजोल रखते हुए भाईचारे की भावना को प्रबल करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गत दिनों प्रदेश में हुई हिंसक घटनाओं के बाद हमारा समाज पुन: एक होगा तथा सभी व्यक्ति मिलजुल कर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हिंसक घटनाओं में संलिप्त उपद्रवी तत्वों की पहचान सरकार द्वारा की जा रही है। इन घटनाओं की वीडियो, आडियो एवं अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। सबूतों की जांच के उपरांत दोषी पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सरकार द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज में दोबारा से भाईचारा बढ़ेगा तथा सभी बिरादरी मिलजुल कर रहेंगी। इस मौके पर बाबा धर्मनाथ, गांव की सरपंच जीत कौर, कृष्ण कुमार नंबरदार, पूर्व सरपंच सतपाल एवं जयप्रकाश शर्मा, संजीव, रामचंद्र, जिले सिंह, धर्म सिंह, गोपाल मास्टर, महेंद्र शर्मा, मेहर सिंह वाल्मीकि, देशराज वाल्मीकि, कृष्ण, विरेंद्र, बिंद्र, सुखबीर, राजेंद्र प्रजापत, धनी राम, राजीव शर्मा, मास्टर मुंशी राम, राजेंद्र टाया, मेवा राम, करेशन हरिजन, मान सिंह फौजी, रोशन, ताना राम, लहरी बाजीगर, सहित गांव के मौजिज व्यक्तियों तथा महिलाओं ने यज्ञ में पूर्ण आहुति दी तथा प्रार्थना में शामिल हुई।
(राजकुमार अग्रवाल)
Copyright @ 2019.