राष्ट्रीय (24/04/2010) 
सरकार डीटीसी भर्ती घोटाले की जांच करायेः मल्होत्रा
नई दिल्ली 24 अप्रैल। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने डीटीसी के चालक एवं परिचालक की भर्ती प्रक्रिया में हुए घोटाले की जांच की मांग सरकार से की है। मल्होत्रा का कहना है कि इस भर्ती में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा बोर्ड जैसी संस्था में इस तरह के भ्रष्टाचार के मामले का उजागर होना चिंता की बात है। इससे बोर्ड की छवि धूमिल हुई है। विदित हो कि राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर डीटीसी की छह हजार बसों का बेड़ा होने की संभावना को देखते हुए सरकार ने भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे जिसमें 30 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लेकिन साक्षात्कार के दौरान रिश्वत और पक्षापात की बात उजाकर होने के बाद इस भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया है। मल्होत्रा ने कहा है कि भर्ती परीक्षा के दौरान भी धांधली और भ्रष्टाचार के मामले सामने आये हैं। इस भर्ती को लेकर बड़े स्तर पर गिरोहबाजी चल रही थी। अपराध शाखा के एक अधिकारी द्वारा गिरोह के एक व्यक्ति को दबोचने के बाद इस बात का खुलासा हुआ। संवाददाताओं को मल्होत्रा ने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों से पहले डीटीसी के छह हजार बसों के लिए चालक और परिचालककी भर्ती करान जरूरी है नहीं तो दिल्लीवासियों और राष्ट्रमंडल खेलों को देखने आने वाले बाहरी लोगों को संकट का सामना करना पड़ेगा। लेकिन इससे पहले इस भर्ती घोटाले की जांच राज्य सरकार जरूर करवाये। 
Copyright @ 2019.