राष्ट्रीय (12/09/2012) 
दिल्ली में गुटखे पर प्रतिबंध

पड़ोसी राज्यों के बाद अब दिल्ली में भी गुटखे पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सोमवार को दिल्ली सरकार की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया। इसे अमल में लाने संबंधी अधिसूचना एक-दो दिन में जारी होने की संभावना है। इसके तहत गुटखे के उत्पादन, बिक्री, प्रदर्शन और भंडारण पर रोक लगाया जाएगा। वहीं, गुजरात में गुटखे पर लगा प्रतिबंध मंगलवार से प्रभावी हो जाएगा।

दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि गुटखा तथा अन्य उत्पाद, जिनमें पान मसाला और तंबाकू के अंश होते हैं, उन्हें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके बाद भी गुटखा व संबंधित उत्पादों के उत्पादन और बिक्री आदि का पता लगने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का खाद्य अपमिश्रण विभाग ऐसी वस्तुओं के नमूने लेगा और दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं और उत्पादकों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाएंगे।

दिल्ली हाई कोर्ट ने भी पिछले दिनों सरकार से कहा था कि वह गुटखे पर प्रतिबंध लगाए। दूसरी तरफ, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर कहा था कि राज्य में 11 सितंबर से गुटखे पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इसके पहले उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार समेत अनेक राज्य गुटखे पर प्रतिबंध लगा चुके हैं।

Copyright @ 2019.