राष्ट्रीय (14/09/2012) 
इस मेड को देखें तो पुलिस को सूचना दें

 इनकम टैक्स से रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर गुरजीत कौर पुरी (70) के मर्डर में उनकी नौकरानी की तलाश की जा रही है। इसने गुरजीत के घर में 15 दिन पहले काम शुरू किया था। वह उनसे पुराना सोफा खरीदने के बहाने दो लोगों को उनके घर ले गई थी। उसके बाद गुरजीत का मर्डर कर दिया गया।

अडिशनल डीसीपी ( आउटर ) एम . ए . रिजवी के मुताबिक इस मेड ने गुरजीत कौर पुरी को अपना नाम नंदिनी बताया था। पुलिस को यकीन है कि उसने अपना नाम फर्जी बताया था। वह इसी कॉलोनी में कुछ और घरों में भी काम करती थी। उन घरों में उसने अपना नाम सोनिया और सोनू बताया हुआ था। गुरजीत कौर रोहिणी सेक्टर -8 की पॉकेट डी में अपने घर में अकेली रहती थी। नंदिनी 15 दिनों से गुरजीत के घर काम पर आ रही थी। उनके घर में कौशल्या नामक मेड भी आती थी। नंदिनी ने गुरजीत कौर से कहा कि वह उनका पुराना सोफा खरीदना चाहती है। गुरजीत तैयार हो गईं। उन्होंने इस बात की चर्चा अपनी बेटी इंद्रपाल ग्रोवर से की थी। उन्होंने बेटी से कहा था कि नंदिनी सोफा लेने के लिए अपने पति को साथ लेकर आएगी।

नंदिनी बुधवार दोपहर सोफा लेने के बहाने अपने साथ दो आदमी लेकर गुरजीत कौर के घर आई थी। उन्हें वापस जाते कॉलोनी के चौकीदार ने देखा था। वह लोग सोफा नहीं ले जा रहे थे। उसके कुछ देर बाद गुरजीत कौर की दूसरी मेड कौशल्या आई। उसने बिस्तर पर चादर में गुरजीत को लेटे देखकर और आवाज लगाने पर उनमें कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसी को बताया था। पड़ोसी ने आकर चादर हटाई तो गुरजीत के हाथ पैर बंधे हुए थे और उनके मुंह पर टेप चिपकी हुई थी। पड़ोसी ने उन्हें बचाने के मकसद से टेप हटा दी थी , लेकिन गुरजीत कौर पुरी की मौत तब तक हो चुकी थी। इस वारदात के बाद से नंदिनी कोई अता - पता नहीं है।

पुलिस को शक है कि नंदिनी नाम बताने वाली इस मेड ने गुरजीत को घर में अकेले रहते देखकर अपने जानकारों से चर्चा की थी। उसके जानकारों ने घर में एंट्री के लिए पुराना सोफा खरीदने का बहाना बनाया था। अंदर जाकर उन्होंने गुरजीत कौर का मुंह और हाथ - पैर बांधकर उनके ऊपर चादर डालने के बाद लूटपाट की थी। घर में सामान बिखरा हुआ था। यह जानकारी अभी नहीं मिल सकी है कि घर से कितना सामान लूटा गया। नंदिनी ने पहले एक दुकान में भी नौकरी की थी। वहां से पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज हासिल की है। इस फुटेज में यह महिला नजर आ रही है। पुलिस ने पब्लिक से अपील की है कि इसके बारे में खबर दें। गुरजीत कौर के पति जसबीर सिंह का देहांत हो चुका है। उनकी दो बेटियों की ससुराल प्रीत विहार और तिलक नगर में हैं। गुरजीत का बेटा लंदन में रहता है।

Copyright @ 2019.