राष्ट्रीय (16/09/2012) 
रिकार्ड तोड़ होगी जनसमर्थन रैली: रणदीप


कैथल, 15 सितंबर। आगामी 30 सितंबर को स्थानीय जाट कालेज मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित की जाने वाली जन समर्थन रैली पिछली सभी रैलियों का रिकार्ड तोड़ेगी। इस रैली में मुख्यातिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा होंगे। इस दिन जिला को अनेक विकास कार्यों का तोहफा मिलेगा।

यह जानकारी प्रदेश के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री  रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जन समर्थन रैली की तैयारियों के लिए स्थानीय महाराजा पैलेस में अखिल भारतीय किसान खेत मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष श्री शमशेर सिंह सुरजेवाला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दी। मुख्यमंत्री 11 करोड़ की लागत से बनने वाले इनडोर स्पोर्टस स्टेडियम का शिलान्यास करने के साथ-साथ अनेक नव निर्मित विकास कार्यों को लोकार्पित भी करेंगे। श्री रणदीप सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री के 66वें जन्मदिवस पर उन्हें बधाई दी है तथा उनकी दीर्घ आयु की कामना की है।  आज की कार्यकर्ता रैली मुख्यमंत्री के जन्म दिवस को समर्पित रही। लोक निर्माण मंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आज से ही इस रैली की सफलता के लिए जन संपर्क अभियान शुरू कर दें, ताकि यह रैली अब तक आयोजित सभी रैलियों का रिकार्ड तोड़ सके। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि गत लगभग आठ वर्षों में जिला कैथल के साथ-साथ प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसका श्रेय यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी तथा प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के कुशल मार्ग दर्शन तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कंडेला कांड के पीडि़त किसानों को पांच से 10 लाख रुपए तक मुआवजे के साथ-साथ पीडि़त परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी प्रदान की तथा हरसौला कांड के पीडि़त वाल्मीकियों को दोबारा से उस बस्ती में बसाकर उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने विपक्षी पार्टी इनैलो पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि इनैलो पार्टी को परिवर्तन की आवश्यकता है, क्योंकि पार्टी के नेता प्रदेश में दोबारा से नोटों की गठड़ी की संस्कृति के साथ-साथ लूट-खसौट और आतंक का राज कायम करना चाहते हैं। इनैलो पार्टी अनपढ़ता, अज्ञानता के साथ-साथ अंधकार की द्योतक है। इनैलो द्वारा की जा रही परिवर्तन रैलियां मात्र दिखावा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय आ गया है कि इनैलो के नेताओं को अपनी विचारधारा को बदलना होगा, जिसके लिए वे तैयार दिखाई नही देते। वे केवल प्रदेश की जनता को गुमराह करना चाहते हैं। परंतू इन नेताओं को याद रखना चाहिए कि जनता काफी समझदार है और वो उनके झांसे में आने वाली नही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तेजेंद्र पाल मान ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र के चंहुमुखी विकास के लिए कांग्रेस पार्टी को समर्थन जारी रखें। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव दिल्लू राम बाजीगर,  कविराज शर्मा, रोशन लाल पाड़ला, भरत सिंह बैनिवाल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर नाजर सिंह दयौरा, रामनिवास मित्तल, डा. श्याम साहनी, बहादुर सैनी, प्रेम जैन, राजीव गुप्ता, शिव कुमार शिवि, ज्ञान सिंह राणा, यशवीर आर्य, रामकुमार मान, पृथी सैनी, राज रानी शर्मा, डा. पवन थरेजा, डा. कश्मीरी लाल, धर्मपाल ठेकेदार, अनुराग सिक्का, धर्मवीर सैनी, मियां सिंह बुढ़ाखेड़ा सहित अनेक नगर पार्षद एवं भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

Copyright @ 2019.