राष्ट्रीय (24/09/2012) 
डॉ0 सी पी जोशी को रेल मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया

सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री डॉ0 चंद्र प्रकाश जोशी ने आज रेल मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया। राजस्थान में भीलवाड़ा से लोकसभा सांसद डॉ0 जोशी के पास ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्रालय विभाग भी है। डॉ0 जोशी दो विषयों भौतिकी और मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर हैं। वे मनोविज्ञान में डॉक्टर होने के साथ-साथ एक योग्य वकील भी हैं। पेशे से शिक्षाविद डॉ0 जोशी एम बी कॉलेज उदयपुर में शिक्षक के रूप में अपना करियर शुरू करने के बाद मोहन लाल सुखाडिया विश्वविद्यालय-उदयपुर में मनोविज्ञान के प्रोफेसर बने।

1973 में मोहन लाल सुखाडिया विश्वविद्यालय के छात्र संघ के अध्यक्ष चुने जाने के साथ उनकी राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। बाद में वे इसी विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान के प्रोफेसर नियुक्त हुए। नाथद्वारा क्षेत्र से वे राजस्थान विधानसभा के लिए चुने गए तथा लगातार चार बार इसी विधानसभा क्षेत्र से उन्होंने चुनाव जीते। राजस्थान सरकार में वे मंत्री बने और उन्होंने पंचायती राज (स्थानीय सरकार) शिक्षा, ग्रामीण विकास, जन-स्वास्थ्य, अभियांत्रिकी, योजना और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग कुशलतापूर्वक संभाले। वे राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भी चुने गए। 2009 में लोकसभा चुनाव में वे भीलवाडा राजस्थान चुनाव क्षेत्र से सांसद चुने गए और ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्रालय मंत्री बनाये गये। 2011 से वे केंद्रीय मंत्री, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे हैं।

Copyright @ 2019.