राष्ट्रीय (24/09/2012) 
डीयू की दो स्टूडेंट्स से चलती कार में गैंगरेप

आउटर दिल्ली के बवाना इलाके से दिल्ली यूनिवर्सिटी की दो स्टूडेंट्स को अगवा करने के बाद दो लड़कों ने उनसे चलती कार में रेप किया। बाद में दोनों लड़कियों को कंझावला स्थित एक गैराज में ले जाकर भी रेप किया गया। वहां मौजूद एक गार्ड ने इस वारदात में लड़कों की मदद की। मेडिकल में रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मामला 18 सितंबर का है। डीयू में ग्रैजुएशन कर रही इन दोनों लड़कियों को उनके ही जानने वाले एक लड़के ने बवाना में एक जगह मिलने के लिए बुलाया था। वहां एक और लड़का पहले से ही मौजूद था। यहीं से लड़कियों को कार में बिठाया गया। दोनों लड़कों ने जान से मारने की धमकी देकर कार में ही उनसे बारी-बारी से रेप किया।

कंझावला के एक गैराज में लड़कियों से रेप होने के दौरान वहां मौजूद एक गार्ड बाहर खड़ा होकर आने-जाने वालों पर नजर रखता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद लड़कियों को जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों लड़कों ने उन्हें बीच रास्ते में ही उतार दिया। इसके बाद पीड़ित लड़कियों ने अपने घरवालों को जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस में दर्ज हो सका।

Copyright @ 2019.