राष्ट्रीय (27/09/2012) 
काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में गैंडे के अवैध शिकार की जांच

वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो का एक दल इस बारे में पूछताछ के लिए तुरंत काज़ीरंगा रवाना.......
पर्यावरण और वन मंत्री  जयंती नटराजन ने काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में गैंडे के अवैध शिकार के बारे में वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो द्वारा तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह जांच एक सप्ताह के अंदर पूरी कर अपराधकर्ताओं को न्यायिक कटघरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री श्री तरूण गोगोई को पत्र लिखकर भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सभी तरह की सहायता मुहैया कराने को कहा है।

मंत्री महोदया ने कहा कि बाढ़ की प्राकृतिक आपदा में शरण ढूंढ रहे निस्हाय जानवरों के खिलाफ अवैध शिकारियों द्वारा संवेदनाहीन कृत्य से वे स्तब्ध और दु:खी हैं। उन्होंने कहा कि वे इस बात को लेकर दृढ़ प्रतिज्ञ हैं कि ऐसे अपराधी कानूनी कटघरे में लाए जाएं और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से भाग रहे गैंडों के सींगों के शिकार संबंधी खबरों के दृष्टिगत पर्यावरण और वन मंत्रालय ने असम में अवैध शिकारियों द्वारा गैंडों की हत्या की जांच के लिए अधिकारियों का एक दल गठित किया है। इस दल में पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता के क्षेत्रीय उपनिदेशक  सी. बेहरा, दिल्ली में बीएचक्यू (खुफिया) के सहायक निदेशक श्री ए.के. झा, एस.आर. चेन्नई के सहायक निदेशक एल. कुरूविला तथा एन.आर. दिल्ली के वन्य जीव निरीक्षक  के.के. सरमा शामिल हैं।

जांच के लिए यह दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचेगा। यह दल इस मामले की विस्तृत जांच के लिए स्थानीय एजेंसियों की भी सहायता लेगा तथा अपराधियों का पता लगाने और उनके तंत्र को ध्वस्त करने के लिए अंतर एजेंसी समन्वय स्थापित करेगा।

Copyright @ 2019.