राष्ट्रीय (03/10/2012) 
हि.प्र. में गुटखा व खैनी की बिक्री पर प्रतिबंध

मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा के मुख्यमंत्री  भूपेन्द्र सिंह हुडडा तथा उत्तरी भारत के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों में गुटका एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद के उत्पादन को बंद करने का आग्रह करेगी, जिससे इन का सेवन करने वाले लोगों को कैंसर इत्यादि जैसे जानलेवा रोगों से बचाया जा सके। मुख्यमंत्री आज यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व.  लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात् पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज से गुटका व अन्य चबाने वाले तम्बाकू उत्पाद की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध को सख्ती से कार्यान्वित करने के लिए इन उत्पादों को बेचने वाले किसी भी व्यापारी के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लोगों के स्वास्थ्य एवं अन्य जानलेवा बीमारियों से उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत लिया है। उन्होंने आशा जताई कि इस प्रतिबंध को कार्यान्वित करने में आम आदमी का पूर्ण सहयोग मिलेगा।

प्रो. धूमल ने कहा कि आम आदमी के सक्रिय सहयोग से प्रदेश में प्लास्टिक के बैगों के उपयोग पर प्रतिबंध सफल रहा है। प्लास्टिक पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचाता है। प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के पश्चात् लोगों ने स्वैच्छा से कपड़े एवं जूट के बैग जैसे अन्य वैकल्पिक साधनों को अपनाया। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण को नुकसान करने वाले उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने से पूर्व आम आदमी के सहयोग के लिए हमेशा प्रयासरत रही है तथा प्रदेश के लोगों ने भी हमेशा सरकार के इन प्रयासों को सहयोग दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गुटका इत्यादि पर प्रतिबंध भी जन सहयोग से कार्यान्वित किया जाएगा, जिससे लोग विशेषकर युवा पीढ़ी इनके घातक परिणामों से सुरक्षित हो सकेगी। 
विधायक  सुरेश भारद्वाज एवं विधायक  सोहनलाल, नगर निगम शिमला के महापौर  संजय चैहान, उपमहापौर  टिकेन्द्र पंवर, उपायुक्त डाॅ. अरूण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव  आर.एस. गुप्ता, पुलिस अधीक्षक  चन्द्रशेखर पंडित, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
इसके पश्चात्, मुख्यमंत्री ने इंडियन काॅफी हाऊस में देश के विभिन्न भागों से आए लोगों के साथ काॅफी का आनंद लिया।   

Copyright @ 2019.