राष्ट्रीय (24/03/2013) 
मुख्यमंत्री ने किया फोर्टिस अस्पताल की कैथलैब का शुभारंभ
मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने आज कांगड़ा स्थित फोर्टिस अस्पताल में कैथलैब का शुभारंभ किया। कैथलैब आरम्भ होने से प्रदेश के विशेषकर निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को हृदय रोग सम्बन्धी उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि फोर्टिस संस्था देश भर में गुणात्मक एवं अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रहा है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में फोर्टिस का यह पहला अस्पताल है, जहंा लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ कम खर्च पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। 
वीरभद्र िसंह ने कहा कि हिमानी चामुण्डा मंदिर को वैष्णो देवी की तर्ज पर धार्मिक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए श्रीचामुण्डा नन्दिकेश्वर धाम से हिमानी चामुण्डा को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए लोक निर्माण विभाग को सर्वेक्षण एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस धार्मिक स्थल पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु 12 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर यहां पहुंचते हैं। सड़क सुविधा उपलब्ध होने पर यहां पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोज+गार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले के चामुण्डा से चम्बा जिले के होली के मध्य सुरंग का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य के लिए भी लोक निर्माण विभाग को आवश्यक सर्वेक्षण एवं डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं। सुरंग के बनने से चम्बा और धर्मशाला व पालमपुर के बीच की दूरी 270 किलोमीटर कम होगा तथा लोगों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिलेगी। 
वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में शिमला, भुंतर और कांगड़ा में हवाई उड़ानों को प्रोत्साहित करने के लिये एवियेशन टरबाइन फयूल पर वैट दर को 5 प्रतिशत से घटाकर एक प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है। इससे प्रदेश में हैलीटैक्सी सेवाएं आरम्भ करने के लिये निजी कम्पनियां निवेश के लिए आगे आएंगी।
इस पूर्व, मुख्यमंत्री ने फोर्टिस अस्पताल के विभिन्न ब्लाॅकों का दौरा कर यहां रोगियों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष जताया।
परिवहन मंत्री  जी.एस. बाली, शहरी विकास मंत्री  सुधीर शर्मा, विधायक अजय महाजन, संजय रतन, पवन काजल, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष  केवल सिंह पठानिया, कांगड़ा के उपायुक्त  सी. पालरासू, पुलिस अधीक्षक  बलबीर ठाकुर एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 
Copyright @ 2019.