राष्ट्रीय (13/06/2013) 
पर्यटन क्षेत्र में ही 25 से अधिक अवार्ड प्राप्त करने के दावे-HP

ऊर्जा मंत्री  सुजान सिंह पठानिया तथा आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चैधरी ने एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में भाजपा नेताओं के उस बयान का उपहास उड़ाया है जिसमें उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार को मिले अवार्डों की डींगें हांकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा बखान किये जा रहे अवार्डों की सूची भी उनके विकास के दावों की तरह ही खोखली व बेदम है। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व भाजपा सरकार को प्राप्त अवार्डों में कोई सच्चाई या गहराई होती तो भाजपा का वह हश्र न होता जो विधानसभा चुनावों में हुआ। इससे जाहिर है कि पूर्व भाजपा सरकार ने सांठगांठ कर ही अधिकांश अवार्ड हासिल किए और इनका विकास की जमीनी हकीकत से कोई लेनादेना नहीं है। अकेले पर्यटन क्षेत्र में ही 25 से अधिक अवार्ड प्राप्त करने के दावे किये जाते रहे हैं परन्तु सभी जानते है कि विगत पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र की क्या हालत हो गई थी।
मंत्रियों ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में पूर्व भाजपा सरकार ने विकास के बड़े बड़े झूठे दावे किए और खोखले अवार्डों की सूची दिखाकर अपने झूठ को सच का जामा पहनाने का प्रयास किया। लेकिन प्रदेश की प्रबुद्ध जनता के सामने उनकी पोल खुल गई और विधानसभा चुनावों में प्रदेशवासियों ने उसे सही जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि लोकतांत्रिक प्रणाली में सबसे बड़ा अवार्ड वह होता है जो जनता चुनावों में जनादेश के रूप में किसी भी दल को देती है। इस कसौटी पर प्रदेशवासियों ने विधानसभा चुनावों में भाजपा को नकार कर उसे सत्ता से बाहर कर दिया और कांग्रेस को शासन की बागडोर सौंपी। अगर पूर्व भाजपा सरकार की अवार्ड सूची में इतना ही दम था तो चुनाव में वह बेदम क्यों हो गई? भाजपा नेताओं के लिए अवार्डों की तथाकथित सूची उनके मन बहलाने का काम तो कर सकती है पर प्रदेशवासियों को भ्रमित नहीं कर सकती। मण्डी लोकसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में भी प्रदेशवासी भाजपा को करारी शिकस्त देकर उनके दावों की हवा निकाल देंगे।
पठानिया तथा श्री चैधरी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस विकास का पर्याय है और हिमाचल प्रदेश के विकास में उसका बहुत बड़ा योगदान रहा है। पूर्व भाजपा सरकार के दौरान जो न्यायोचित सम्मान प्राप्त भी हुए हैं वे मुख्यतः कांग्रेस सरकारों द्वारा करवाये गए सत्त विकास की उपलब्धियों पर ही आधारित है।

 

Copyright @ 2019.