राष्ट्रीय (18/06/2013) 
गिरिजा व्यास : आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री

गिरिजा व्यास ने आज यहां आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय का पदभार संभाल लिया। मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।

गिरिजा व्यास ने पदभार संभालने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाज सेवा हमेशा ही उनके लिए काफी अहम रही है और मंत्रालय के सभी अधिकारियों के साथ मिलकर वे शहरी गरीबी उन्मूलन के लिए अपना हर पल देंगी। उनकी वरीयताओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि रीयल एस्टेट (नियमन और विकास) विधेयक, स्ट्रीट वेंडर (रेहड़ी पटरी वालों की आजीविका संरक्षा और उनका नियमन) विधेयक, राजीव आवास योजना (आरएवाई) और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) को प्रमुखता दी जाएगी।

8 जुलाई 1946 को जन्मी गिरिजा व्यास राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से सांसद हैं। 1991 में पहली बार वे लोक सभा के लिए चुनी गई और केन्द्रीय उप-सूचना और प्रसारण मंत्री बनीं। लोकसभा में यह उनका चौथा कार्यकाल है। वे अखिल भारतीय महिला कांग्रेस और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। 2000 से 2004 के दौरान वे राज्य कांग्रेस की अध्यक्ष भी रहीं।

Copyright @ 2019.