राष्ट्रीय (20/06/2013) 
यूपीए अध्यक्ष तथा गृह मंत्री द्वारा प्रदेश को हर संभव सहायता का आश्वासन-HP
यूपीए तथा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से दूरभाष पर बातचीत की और प्रदेश में जान-माल को हुई क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री का कुशलक्षेम भी पूछा। मुख्यमंत्री किन्नौर जिले के सांगला में भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण 60 घंटे तक फंसे रहे थे। लोक सभा उपचुनाव में चुनाव अभियान के लिए बाद में उन्हें हेलिकाॅप्टर द्वारा मंडी पहुंचाया गया।
 सोनिया गांधी ने संकट की इस घड़ी में प्रदेश को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे बचाव, सहायता और पुनर्वास प्रयासों में भारत सरकार उनके साथ है।
केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भी दूरभाष पर मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि हिमाचल प्रदेश विशेषकर जनजातीय जिला किन्नौर में जानो-माल को हुई क्षति के दृष्टिगत केन्द्र सरकार द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
गृह मंत्री ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री से बातचीत कर इस सम्बन्ध में समुचित जानकारी प्राप्त की और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश में हुए नुकसान की भरपाई के लिए समुचित केन्द्रीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए। केन्द्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि राहत एवं बचाव कार्यों और प्रदेश में स्थिति को सामान्य बनाने के लिए राज्य सरकार को समुचित सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
Copyright @ 2019.