राष्ट्रीय (11/07/2013) 
केन्द्र से हिमाचल प्रदेश को उदार वित्तीय सहायता का आग्रह:प्रतिभा सिंह
मण्डी संसदीय क्षेत्र से नव निर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने केन्द्र सरकार से आग्रह किया है कि हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वृहद स्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए उदार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
प्रतिभा सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह से भेंट कर आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार को 1000 करोड़ रुपये की केन्द्रीय सहायता तुरंत जारी की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री को अवगत करवाया कि प्रारम्भिक अनुमानों के अनुसार प्रदेश में हाल ही में आई बाढ़ के कारण 2575 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है जबकि 25 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है तथा एक लाख मवेशियों की मृत्यु का भी समाचार है। उन्होंने कहा कि इस कारण 1000 घरों को नुकसान पहुंचा है, 2120 मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और 50 हजार हेक्टेयर भूमि पर फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि रोहतांग सुरंग के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि बर्फ से ढके रहने वाले लाहौल स्पीति जिले को प्रत्येक मौसम के लिए उपयुक्त मार्ग की सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि यह सुरंग सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह मनाली-लेह राष्ट्रीय उच्च मार्ग के लिए महत्वपूर्ण है। मनाली-लेह राष्ट्रीय उच्च मार्ग चीन के साथ लगती अन्तर्राष्ट्रीय सीमा तक जाता है।
प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि बद्दी-कालका तथा बिलासपुर से मनाली होते हुए लेह तक रेल लाईन को इनके आर्थिक एवं सामरिक महत्व को देखते हुए अन्तर्राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाएं घोषित किया जाए। उन्होंने मांग की कि इन रेल लाईनों के निर्माण के लिए शत-प्रतिशत केन्द्रीय वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने नंगल-तलवाड़ा और भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाईन के शीघ्र निर्माण के लिए समुचित धन के आबंटन की मांग भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश को अन्य विशेष श्रेणी राज्यों के समकक्ष वर्ष 2020 तक विशेष औद्योगिक पैकेज प्रदान किया जाए।
Copyright @ 2019.