राष्ट्रीय (11/10/2013) 
हिमाचल में कचरा प्रबंधन लिए विशेषज्ञ सेवाएं लेने की योजना- कुलदीप सिंह पठानिया
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया और सदस्य सचिव श्री विनीत कुमार उस भारतीय प्रतिनिधिमण्डल में शामिल थे, जो हाल ही में फ्रांस, बेलजियम और स्वीडन के अध्ययन दौरे पर गया था। अध्ययन दल का मुख्य क्षेत्र ठोस कचरा प्रबंधन एवं पुनःचक्रण, शहरी, औद्योगिक एवं बायोमेडिकल कचरा, कचरे से ऊर्जा बनाने की तकनीक, लैंडफिल मैनेजमेंट, कचरा परामर्श, कचरा जल प्रबंधन एवं पुनः चक्रण, स्वच्छ तकनीक एवं पर्यावरण तथा सततता थे।
श्री पठानिया ने आज यहां कहा कि राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राज्य में कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में विशेषज्ञों की सेवाएं लेने का इच्छुक है। बोर्ड का मानना है कि कचरे को भविष्य में ऊर्जा के लिए कच्चे माल के संसाधन के तौर पर उपयोग में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जहां कचरा प्रबंधन के कार्य में संलग्न संगठन एवं कंपनियां हिमाचल प्रदेश के उद्यमियों एवं निकायों को तकनीक की जानकारी प्रदान करेगी। यह उद्यमी एवं निकाय हिमाचल प्रदेश को स्वच्छ एवं हरित बनाने में इन तकनीकों को उपयोग में ला पाएंगे। बोर्ड ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की सुविधा प्रदान करेगा और यह सुनिश्चित बनाएगा कि प्रदेश में कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाए।

Copyright @ 2019.