राष्ट्रीय (08/11/2013) 
छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों में जीतेगी भाजपा-अरुण जेटली
रायपुर, 8 नवम्बर। राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में चार राज्यों के चुनाव जीतने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि कांगे्रस बचाव की मुद्रा में है। चार राज्यों के परिणाम आने पर, पहले से लडख़ड़ाती केन्द्र सरकार बुरी तरह हिल जायेगी। कांग्रेस दिशा हीन है, नेतृत्व हीन सी है। नेतृत्व पे्ररणा देने वाला नहीं रह गया। श्री जेटली ने राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वैकल्पिक नेतृत्व प्रोजेक्ट होते ही प्रश्न ज्यादा खड़े कर रहे हैं। उनसेे देश की उम्मीद पर खरे उतरने की संभावना नहीं है। भाजपा के भावी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरफ संकेत करते हुए श्री जेटली ने कहा कि देश ठोस, ऊर्जावान और सक्षम नेतृत्व चाहता है। जनता की उम्मीद प्रेरक नेतृत्व की है। 
श्री जेटली ने कहा कि कांग्रेस ने देश को निराश किया है। भ्रष्टाचार, महंगाई एक बड़ा कारण है। देश में कांग्रेस विरोधी भावना है। तमाम घोटाले और अर्थव्यवस्था संचालन न कर पाना, प्याज-टमाटर से लेकर पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतें कांग्रेस विरोधी माहौल बना चुकी हैं। मतदाता विशेष रूप से गरीब, मध्यम वर्ग और महिलाओं में कांग्रेस के प्रति आक्रोश है।
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में श्री जेटली ने कहा कि 10 सालों का डॉ. रमन सिंह का राजनीतिक नेतृत्व हमारी बहुत बड़ी उपलब्धि है। अटल जी ने जिस उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य बनाया, डॉ. रमन सिंह ने उन उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में बेहतर प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 से 2003 तक छत्तीसगढ़ का काला अध्याय रहा है। राजनीतिक भ्रष्टाचार और राजनीति के अपराधीकरण का बोलबाला था। वह डरावना सपना था। 10 सालों में डॉ. रमन सिंह ने दोगुना विकास किया है। श्री जेटली ने कांग्रेस तथा उसकी केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे जेहादी आतंकवाद हो या माओवादी आतंकवाद, कांग्रेस की नीति स्पष्ट नहीं है। कमजोर है। माओवादी आतंक से कैसे लडऩा है, इसके लिए छत्तीसगढ़ ने देश को दिशा दिखाई है। श्री जेटली ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता माओवादी आतंक को अपने बयानों के जरिये मदद करते हैं। कांग्रेस में एक वर्ग ऐसा है, जिसकी माओवादी से साठ-गांठ की बातें सामने आती हैं।
श्री जेटली ने छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह के 10 वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने देश में सबसे पहले और व्यापक जनहितैषी खाद्य सुरक्षा कानून दिया। साथ ही पोषण सुरक्षा भी दी। स्वास्थ्य सुरक्षा दी। बिजली उत्पादन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ढांचागत विकास के क्षेत्रों में श्रेष्ठतम काम डॉ. रमन सिंह की सरकार ने किया है। हमें भरोसा है कि हम छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में चुनाव जीत रहे हैं।
Copyright @ 2019.