राष्ट्रीय (08/11/2013) 
कांग्रेस की पराजय देख बौखला गये हैं राहुल-भाजपा
रायपुर, 8 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के चुनावी दौरे पर आये कांग्रेस के शहजादे का यह बयान कि स्व. नंदकुमार पटेल यदि आज जीवित होते तो वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री होते, इस बयान पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ तो कांग्रेस यह कहती है कि उनके दल में चुनाव से पहले किसी को मुख्यमंत्री घोषित करने की परंपरा ही नहीं है, फिर कांग्रेस ने यह कब तय कर लिया था कि वह छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री स्व. नंदकुमार पटेल जी को बनाना चाहती है। और यदि कांग्रेस ने ऐसा तय कर लिया था तो इसे किन कारणों से सार्वजनिक नहीं किया था। आज राहुल गांधी का यह बयान इस धारणा की पुष्टि करता है कि कांग्रेस हमेशा झूठ की खेती करती आई है। चाहे तो कांग्रेस यह झूठ बोलती आयी है कि उसके यहां नेता का चयन चुनाव के बाद होता है या राहुल यह झूठ बोल रहे कि उन्होंने नेता का चयन पहले कर लिया था। अगर राहुल ही नेता का चयन करते रहे हो तो उसे यह भी बताना चाहिए कि अभी उन्होंने किसे नेता बनाने का निर्णय लिया है। 
श्री पैकरा ने कहा कि कांग्रेस के नेता नक्सली समस्या पर कई तरह के बयान देकर भ्रम की स्थिति पैदा करते हैं तथा अपने दल के लिए राजनीतिक लाभ उठाते नजर आते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भक्त चरणदास ने झीरम घाटी घटना के कुछ माह पश्चात नक्सलियों को अपना भाई तक बता डाला था। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने यह बयान दिया की झीरम घाटी घटना का कांग्रेस अपेक्षित राजनीतिक लाभ नहीं ले पायी तथा इस राजनीतिक अवसर को उसने गवां दिया। एक दुखद राजनीतिक घटना से सियासी लाभ अर्जित करने की मानसिकता ही यह बता देती है कि सत्ता प्राप्ति के लिए कांग्रेस के नेता किस स्तर पर जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में कांग्रेस के शासनकाल में हुए सैकड़ों साम्प्रदायिक दंगे, सत्ता प्राप्ति के लिए कांग्रेस के कुशासन और राजनीतिक चालों के जीते-जागते सबूत हैं। दिल्ली में सिक्ख दंगों के समय स्व. राजीव गांधी का यह बयान कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो आस पास की धरती में कम्पन होता है, यह कांग्रेस पार्टी के राजनीतिक सोच की हकीकत को बयान कर देता है। 
श्री पैकरा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राहुल गांधी के  बयान का उपहास उड़ाते हुए यह कहा कि आज सारा देश यह जानता है कि आकाश से लेकर पाताल तक, हर क्षेत्र में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के रिकार्ड कायम कर दिये हैं। 2 जी घोटाला, कोयला घोटाला, हेलीकाप्टर घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, आदर्श घोटाला, राष्ट्र मंडल खेल घोटाला आदि ऐसे घोटाले हैं जिसमें मंत्रियों तथा कांग्रेस के बड़े नेताओं को जेल की सैर भी करनी पडृी है। ताजातरीन मामला तो कोयला घोटाले से सम्बंधित है जिसमें कोयला सचिव पारख ने यह बयान दिया है कि खुद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह घोटाले के अपराधी है। 
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस अपनी सुनिश्चित पराजय से घबरा और बौखला गई है। डॉ. रमन सिंह की भाजपा सरकार के विकास कार्यों जिसकी प्रशंसा स्वयं कांग्रेस के केन्द्रीय मंत्रियों ने समय-समय पर की है तथा राज्य की जनता भी इन कार्यों से लाभान्वित हुई है। इन्हीं विकास कार्यों के बदौलत जनता के आशीर्वाद से डॉ. रमन सिंह की भाजपा सरकार निश्चित रूप से  विजयी हैट्रिक बनायेगी।
Copyright @ 2019.