राष्ट्रीय (11/11/2013) 
कांग्रेसी अपनी आंखों पर पड़ी पट्टी उतार कर देखें: पैकरा
रायपुर, 11नवम्बर। प्रदेश भाजपाध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि कांग्रेस नेता भक्त चरणदास बस्तर में प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति जनता का रुझान देखकर अपना आपा खो बैठे हैं। आज मतदान के दिन वे बस्तर के भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं पर हिंसक वारदात करने की बात कह रहे हैं जो निर्मूल और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी की हार देख रहे भक्त चरण दास अब प्रदेश सरकार के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर आरोप लगाकर अपनी खीझ उतार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता का विश्वास -विकास लगातार भाजपा सरकार की ताकत है। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद प्रदेश में कांग्रेस के नेताओं ने जिस तरह से सत्ता में रहते हुए लूटपाट, आतंक की राजनीति की उसे प्रदेश का आम आदमी आज तक नहीं भूल पाया है। जोगी राज में भय - भूख और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। यही वजह थी 2003 में जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया और 2013 में प्रदेश की भाजपा सरकार की हैट्रिक बनाने जा रही है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को अपनी आंखों पर पड़ी पट्टी उतार कर देखने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बस्तर से लेकर सरगुजा तक विकास की नई इबारतें लिखी हैं। जनता आज निर्भय और खुशहाल है। शिक्षा और स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति प्रदेश की जनता भली भांति जानती है। कांग्रेस की न तो नीति है और न ही नीयत। पांच दशक से देश में भ्रष्टाचार, घोटाले करने वाले कांग्रेसियों के मुंह से नैतिकता की बातें अच्छी नहीं लगतीं। झीरम घाटी हमले में कांग्रेसी अपने साथियों की शहादत को इस चुनाव में भुनाने का प्रयास कर रहे हैं। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और जनता की सहानुभूति बटोरने की कांग्रेसी चाल को प्रदेश की जनता समझती है। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने जिस तरह से जनता की सेवा करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य को देश ही नहीं बल्कि दुनिया की नजर में स्थापित किया है वह अपने आप में मिसाल है। प्रदेश सरकार की योजनाएं देश के साथ ही विदेशों के लिये भी मॉडल बनीं। यह सब प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री की जनता के प्रति चिंता और उनकी संवेदनशीलता का परिणाम है कि आज छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता ने उन्हें अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। 

Copyright @ 2019.