राष्ट्रीय (12/11/2013) 
कांग्रेस अपने सीएम का नाम सामने करेगी तो भय, भूख, भ्रष्टाचार याद आ जाएगा-वेंकैया नायडू
रायपुर, 12 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, माओवाद और अलगाववाद कांग्रेस की देन है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि 6 साल में महंगाई नहीं बढ़ी, विकास दर 8.4 प्रतिशत थी, जिसे सफलता पूर्वक 10 फीसदी तक भी ले गए। यूपीए की पहली सरकार ने हमारी सरकार की बेहतर व्यवस्था के बूते 5 साल राज किया। अब यूपीए की दूसरी सरकार में 5 साल में बढ़ी समस्याओं का सामना 2014 में बनने वाली हमारी सरकार को करना पड़ेगा। अर्थशास्त्रियों की सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था का पतन कर दिया। मनमोहन सिंह की सरकार ने देश की सुरक्षा का यह हाल कर दिया कि पाकिस्तान जैसे छोटे-छोटे देश हमारे खिलाफ हिम्मत दिखाते हैं। कांग्रेस पर आतंकवाद तथा अलगाववाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भिंडरावाले को किसने प्रोत्साहन दिया, प्रभाकरण को किसने प्रोत्साहन दिया? माओवाद किसकी देन है? आज जितनी भी समस्याएं देश में हैं वे सभी कांग्रेस की गलत नीतियों का परिणाम हैं। 
श्री नायडू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह ने अपने काम, अपने व्यवहार और अपने आचरण के आधार पर लोकप्रियता हासिल की है। वे बेहद लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैंं। उनके नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में महिलाओं, बुजुर्गों और युवा मतदाताओं ने विकास पर विश्वास व्यक्त किया है। पहले चरण का मतदान देखकर हमारा भरोसा और अधिक बढ़ा है। हम छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान तथा दिल्ली में सरकार बना रहे हैं और 2014 में फाइनल जीत कर हम देश में भी सरकार बनायेंगे।
श्री नायडू ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि उनका सीएम और पीएम का उम्मीदवार कौन है? उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि वे यहां नाम सामने लाने से डरते हैं कि लोगों को दस साल पहले का भय, भूख, भ्रष्टाचार और जग्गी हत्याकांड याद आ जायेगा। वे तो नंदकुमार पटेल का नाम मृत्यु के बाद सामने लाते हैं। श्री नायडू ने कांग्रेस के जोगी परिवारवाद पर भी निशाना साधा।
Copyright @ 2019.