राष्ट्रीय (12/11/2013) 
कांग्रेस और विकास में है 36 का आंकड़ा-सरोज पाण्डेय
रायपुर, 12 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आई कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा दिये गये बयान कि सत्ता में आने पर छत्तीसगढ़ में 36 गुना विकास करेंगे को झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को उसी तरह अपना उपनिवेश बना कर शोषित किया जिस तरह कई सदियों तक अंग्रेजों ने भारतवासियों को लूटा था। भारतीय जनता पार्टी ने 10 वर्ष पूर्व सत्ता में आने के पश्चात प्रदेश में चंहुमुखी विकास की जो गंगा बहाई है, जनता उससे अभिभूत होकर इस विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। इससे बौखला कर कांग्र्रेस के तमाम नेता जिसमें सोनिया गांधी भी शामिल हैं, झूठे वादे कर रहे हैं। 
सुश्री पाण्डेय ने कहा कि नक्सल समस्या तो भारतीय जनता पार्टी की रमन सरकार को विरासत के तौर पर मिली थी। रमन सिंह की सरकार ने इसका मुकाबला बस्तर में विकास के रास्ते करने का प्रण किया है। अभी सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की भारी उपस्थिति यह साबित करती है कि वे भारतीय जनता पार्टी की विकास की नीति को अपना समर्थन दे रहे है तथा नक्सलियों की धमकी के सामने वे झुकने तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि नक्सल समस्या एक राष्ट्रीय समस्या है, जिसकी जड़े पश्चिम बंगाल, आंध्र से होते हुए बस्तर तक पहुंची है। जहां नक्सलवाद पैदा हुआ, पनपा, बढ़ा सब जगह उस समय कांग्रेस की ही सरकारें थी। अविभाजित मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस के शासन में ही नक्सलवाद को पैदा होने का मौका मिला। कांग्रेस द्वारा उस समय बस्तर की उपेक्षा और शोषण ने ही नक्सलियों को खाद-बीज मुहैय्या   कराया था। अब कम से कम सोनिया जी को इस पर राजनीति न करते हुए इसे राष्ट्रीय समस्या मान कर राज्य सरकार को सहयोग देना चाहिए, जो वह नहीं कर रही है। 
सुश्री पाण्डेय ने कहा कि रमन सिंह की संवेदनशील सरकार ने गरीबों के हित के लिए पीडीएस योजना पिछले 5 वर्षों से जारी रखी है, जिसकी प्रशंसा राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने खाद्य सुरक्षा कानून लागूृ किया है जिसमें 'परिवार का जिक्र नहीं है, वहां 5 किलो प्रति व्यक्ति अनाज का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए यह कहा कि किस कांग्रेस शासित प्रदेश में सोनिया जी ने यह योजना लागू कराई है, यह बताने का वे कष्ट उठाती तो अच्छा होता। अगर प्रति परिवार 35 किलो चावल देने का छत्तीसगढ़ मॉडल सोनिया जी को इतना ही अच्छा लगा तो उसे केन्द्र में लागू करना चाहिए। 
सुश्री पाण्डेय ने सोनिया गांधी के इस आरोप पर कि भाजपा बांटने की राजनीति करती है, पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने 50 सालों के शासनकाल में 'फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई है। पूरे देश को सम्प्रदाय-जाति-क्षेत्र आदि के आधार पर बांट कर राज करने का जो उपक्रम कांग्रेस ने चला रखा था, भारतीय जनता पार्टी ने इसका विरोध करते हुए जात-पात से ऊपर उठ राष्ट्रवाद का नारा दिया है। भारतीय जनता पार्टी की नजर में इस देश में जन्मा हर व्यक्ति भारत माता की सन्तान है तथा उसे भारतीय जनता पार्टी एक जैसी नजर से देखती है। 
सुश्री पाण्डेय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने विकास की जो गाथा पिछले 10 वर्षों में लिखी है, निश्चित रूप से उसका परिणाम मतदाताओं के अभूतपूर्व समर्थन और आशीर्वाद के रूप में प्राप्त होगा और भारतीय जनता पार्टी सरकार की हैट्रिक सुनिश्चित है। प्रदेश की जनता अब सोनिया गांधी और कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाली। 
Copyright @ 2019.