राष्ट्रीय (14/11/2013) 
देश को वोट नहीं, विकास की राजनीति चाहिए-नरेन्द्र मोदी
रायपुर, 14 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने रायपुर की ऐतिहासिक आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश को वोट की नहीं विकास की राजनीति चाहिए। कांग्रेस वोट की राजनीति करती है और भाजपा विकास की राजनीति। कांग्रेस ने वोट की राजनीति के लिए जोड़-तोड़ का रास्ता अपनाया है जबकि भाजपा विकास की राजनीति के तहत सारे देश का भला चाहती है। कांग्रेस ने देश को गरीबी और भ्रष्टाचार दिया है, महंगाई दी है, भाजपा ने महंगाई पर काबू किया है और विकास के साथ गरीबों के कल्याण की दिशा में कदम उठाये हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि मैडम और शहजादे महंगाई पर बात क्यों नहीं करते? श्री मोदी ने कहा कि गांधी जी की अंतिम इच्छा पूरी करते हुए छत्तीसगढ़ और देश के कोने-कोने में कांग्रेस का सफाया कर दें। उन्होंने प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इंडोर में जाते हैं, आउटडोर में नहीं। इंडोर में भी खिलाड़ी या एम्पायर के रूप में नहीं बल्कि स्कोर लिखने के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की केन्द्र सरकार ने देश को बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करती है जबकि हम लोकतंत्र की बात करते हैं। कांग्रेस का लोकतंत्र में कोई भरोसा नहीं है। कांग्रेस 24 प्रतिशत वोट को साध कर राज करना चाहिए है। अब ऐसा नहीं होता। 
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि 10 साल तक विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना करते हुए डॉ. रमन ने इतना अधिक कार्य किया है तो जब मई के बाद देश में और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की सरकार होगी तो छत्तीसगढ़ का 10 गुना विकास हो जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के विकास कार्यों की आंधी चल रही है। इसके बावजूद भी सचिन तेन्दुलकर से सबक लेते हुए पोलिंग बूथ के लिए नेट प्रेक्टिस करना है। श्री मोदी ने कहा कि 2014 में जब देश में भाजपा की सरकार आयेगी तो देश में सबका विकास होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से कांगे्रस का जाना तय है, कांग्रेस पार्टी बहुरूपिया है। यह अपना नाम, निशान और नारा बदलती रहती है लेकिन नीयत नहीं बदलती। उन्होंने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में कटाक्ष किया कि कांग्रेस का हाल पुरानी फिल्मों की तरह है, जिसमें किसी लड़की को दिखाते हैं और मंडप में किसी दूसरी लड़की को बैठा देते हैं। कांग्रेस दिखाये तो सही, हम भी देखें कि डॉ. रमन के सामने कौन हैं। कांग्रेस की वादाखिलाफी पर उन्होंने कहा कि इस मामले में ये मास्टर हैं। पहले हाथ दिखाते हैं, फिर हाथ आजमाते हैं और फिर हाथ की सफाई भी दिखाते हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व तथा उसकी मनमोहन सरकार पर श्री मोदी ने जोरदार प्रहार किये। उन्होंने गरीबी पर राहुल की सोच को लेकर कटाक्ष किया तो मनमोहन सिंह की सरकार में बढ़े हर चीज के दाम को लेकर भी दर्जनों सवाल उठाये। श्री मोदी ने कहा कि मैडम सोनिया छत्तीसगढ़ के गरीबों की जमीन की चिंता करने की जगह गुडग़ांव की चिंता करें। श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि जब बच्चा 13 साल का हो जाता है तो उस पर विशेष ध्यान देना पड़ता है ताकि उसका  भविष्य उज्ज्वल हो। छत्तीसगढ़ भी 13 साल का हो गया है और आपको विशेष ध्यान देना है कि 13 से 18 साल की उम्र में  छत्तीसगढ़ को पहुंचाना है तो इसे गलत हाथ में नहीं सौंपना है। 
श्री मोदी के पूर्व सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने चिरपरिचित, सरल, सहज अंदाज में भाजपा के प्रत्याशियों को विजयी बना कर छत्तीसगढ़ के विकास के लिए जीत की हैट्रिक बनाने का आव्हान करते हुए कहा कि हम 10 बार केन्द्र सरकार को चिट्ठी लिख चुके कि धान का समर्थन मूल्य 2000 रु. किया जाए लेकिन मनमोहन और सोनिया ने नहीं सुना। अब चुनाव में कांग्रेसी कह रहे हैं कि सत्ता में आये तो 2000 रु. समर्थन मूल्य देंगे। कागज में कहने की जरूरत क्या है? दिल्ली में कांग्रेस की सरकार है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह घोषणा कर दें कि हम धान का समर्थन मूल्य 2000 रु. कर रहे हैं। डॉ. रमन ने कहा कि हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। केन्द्र सरकार जितना भी समर्थन मूल्य तय करेगी, डॉ. रमन उस पर प्रति क्विंटल 300 रु. बोनस देगी। उन्होंने कांगे्रस द्वारा मुफ्त में चावल दिये जाने का चुनावी वादा किये जाने पर कहा कि छत्तीसगढ़ के स्वाभिमानी लोग खैरात का चावल नहीं खाते। हमने उनकी भावना के अनुरूप ही 1 रु. किलो चावल देने का फैसला किया है। ताकि छत्तीसगढ़ के लोग स्वाभिमान के साथ चावल खरीद कर खायें। रायपुर की सभा के पूर्व श्री मोदी ने बेमेतरा, कवर्धा, कुरुद और दुर्ग शहर की विशाल जनसभाओं को सम्बोधित कर केन्द्र की कांग्रेस सरकार तथा कांग्रेस की सोच पर जोरदार प्रहार करते हुए छत्तीसगढ़ और देश से कांग्रेस को साफ कर देने का आव्हान किया।
Copyright @ 2019.